सुशासन तिहार में अजीब मांग, ग्रामीण ने कहा- ‘शराब की बोतल पर लगे सीएम और आबकारी मंत्री की फोटो, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, अधिकारी हैरान

A strange demand for Good Governance Festival, a villager said, "Photos of the Chief Minister and the Excise Minister on liquor bottles are a topic of discussion on social media, leaving officials baffled."

सुशासन तिहार में अजीब मांग, ग्रामीण ने कहा- ‘शराब की बोतल पर लगे सीएम और आबकारी मंत्री की फोटो, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, अधिकारी हैरान

बिलासपुर/तखतपुर : छत्तीसगढ़ में इन दिनों सरकारी समस्याओं के निपटारे के लिए ‘सुशासन तिहार’ मनाया जा रहा है. लोग अपनी पेंशन, राशन और सड़क-पानी की शिकायतें लेकर शिविरों में पहुंच रहे हैं. लेकिन बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया. जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और जनता दोनों को हैरान कर दिया. एक ग्रामीण ने शराब की बोतल पर मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो छापने की लिखित मांग कर दी है.
समाधान शिविर में पहुंचा अनोखा आवेदन
यह वाकया शुक्रवार को तखतपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 3 में आयोजित समाधान शिविर का है. यहां पैतृक रूप से तखतपुर क्षेत्र के रहने वाले ग्रामीण परमेश्वर सिंह ठाकुर ने बकायदा एक लिखित आवेदन काउंटर पर जमा किया.
ग्रामीण का तर्क है कि जब राज्य सरकार की सभी जनहितैषी योजनाओं, राशन कार्डों, स्कूल बैग और अन्य सरकारी सामग्रियों पर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं. तो फिर शराब की बोतलों को क्यों छोड़ा जा रहा है? परमेश्वर ने मांग की है कि प्रदेश में बिकने वाली देशी-विदेशी शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो अनिवार्य रूप से लगाई जानी चाहिए.
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, अधिकारी हैरान
सुशासन तिहार शिविर में इस अनोखे आवेदन के जमा होते ही मौके पर मौजूद कर्मचारी बगलें झांकने लगे. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और अब सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे व्यवस्था पर एक तीखा तंज मान रहे हैं. तो कुछ इसे महज एक पब्लिसिटी स्टंट कह रहे हैं.
इस पूरे मामले पर जब शिविर के संबंधित अधिकारियों से बात की गई. तो उन्होंने आवेदन मिलने की पुष्टि की. अधिकारियों का कहना है कि सुशासन शिविर में आने वाले हर आवेदन को स्वीकार करना उनका काम है. इस मांग पत्र को भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया जाएगा. फिलहाल यह अजीब मांग पूरे बिलासपुर संभाग में कौतूहल का विषय बनी हुई है.
बेमेतरा में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से इसी तरह का मामला सामने आया था. जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे ने भी आबकारी विभाग को एक अनोखा आवेदन सौंपा था.
अपने आवेदन में सतीश मारकंडे ने मांग किया था कि शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रचार सामग्री और सरकारी व्यवस्थाओं में मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं. ऐसे में शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री की तस्वीर प्रकाशित की जानी चाहिए. उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया था कि अगर सरकारी योजनाओं और अन्य प्रचार सामग्रियों में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों का उपयोग किया जा सकता है. तो शासन द्वारा संचालित अन्य उत्पादों और सेवाओं में भी समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे आवेदन
बेमेतरा और अब बिलासपुर में सामने आए इन आवेदनों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. कई लोग इसे व्यंग्यात्मक विरोध के तौर पर देख रहे हैं. तो कुछ लोग इसे सरकारी प्रचार-प्रसार के तरीके पर सवाल उठाने वाला कदम बता रहे हैं. वहीं कुछ लोग इस पूरे मामले को अनोखी मांग और चर्चा बटोरने की कोशिश के रूप में भी देख रहे हैं.
फिलहाल दोनों ही मामलों में प्रशासनिक स्तर पर आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं. लेकिन इन मांगों को लेकर अब प्रदेशभर में चर्चाओं का दौर जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t