रेप का आरोपी अस्पताल में खा रहा गुटखा, मोबाइल चलाते वीडियो वायरल, बगल में सोते दिखे ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मी, आरक्षकों की ड्यूटी पर भी उठे सवाल
A video has gone viral showing a rape accused chewing *gutkha* and using a mobile phone in the hospital, while a police officer on duty is seen sleeping nearby; questions have also been raised regarding the conduct of the constables on duty.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में रेप के आरोपी का अस्पताल में आराम फरमाते हुए वीडियो सामने आया है. वीडियो में आरोपी पवन महतो मोबाइल पर बात करते और गुटखा खाते नजर आ रहा है. वह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती है. आरोप लग रहे हैं कि जेल जाने से बचने के लिए आरोपी अस्पताल में भर्ती हुआ है.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के दौरान तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. वहीं, सामने आए वीडियो में आरोपी के बगल वाले बेड पर 2 पुलिस आरक्षक भी आराम फरमाते दिखे। CSP ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है.
32 साल की महिला से रेप का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र की 32 साल की महिला ने पवन महतो के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह कोरबा के खरमोरा इलाके में रहती है. उसके पति की मौत हो चुकी है. वह अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर रहती है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है. 14 अप्रैल 2022 को वह सतरेंगा में पिकनिक मनाने गई थी. इसी दौरान जमीन के सिलसिले में उसकी मुलाकात पवन महतो से हुई. आरोपी पवन कोरबा के एक पावर प्लांट में काम करता है.
पवन की अभिनंदन कॉम्प्लेक्स के पास चार डिसमिल जमीन थी. उस जमीन को बिकवाने के सिलसिले में दोनों के बीच जान-पहचान हुई. इसके बाद पवन उससे लगातार मिलने लगा.
शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध
महिला का आरोप है कि जान-पहचान बढ़ने के बाद पवन ने उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और उससे शादी करना चाहता है. 19 अप्रैल 2023 को पवन उसे रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने किराए के फ्लैट में ले गया. वहां उसने शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद भी पवन शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा. जब वह शादी के बारे में पूछती थी, तो पवन कहता था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा.
बार-बार शादी की बात टालने का आरोप
उसने कई बार पवन से शादी करने के लिए कहा. लेकिन वह हर बार टालमटोल करता रहा. वह शादी करने का भरोसा देता था. लेकिन उसने वादा पूरा नहीं किया. पवन ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया. आखिरकार, परेशान होकर महिला ने 8 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन रामपुर थाने में आवेदन दिया. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.
मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में भर्ती हुआ आरोपी
पुलिस ने 10 अक्टूबर को आरोपी को पकड़ा था. पुलिस आरोपी को मेडिकल लीगल केस (MLC) और मुलाहिजा जांच के लिए ले गई थी. इसी दौरान उसने तबीयत खराब होने की बात कही. इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करा दिया गया.
मीडियाकर्मियों ने बनाया वीडियो
इसी बीच आरोपी के अस्पताल में आराम फरमाते हुए वीडियो सामने आया है. यह वीडियो मीडियाकर्मियों ने बनाया है. सामने आए वीडियो में आरोपी मोबाइल चलाता और गुटखा खाता नजर आ रहा है. फिलहाल वह स्पेशल वार्ड में भर्ती है. उसकी निगरानी के लिए दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है.
आरक्षकों की ड्यूटी पर भी उठे सवाल
आरक्षकों की लापरवाही के सवाल पर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि उस समय आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी. वह तकनीकी रूप से पुलिस कस्टडी में भी नहीं था.
उसके भागने की आशंका को देखते हुए आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी. अगर जांच में आरक्षकों की लापरवाही सामने आती है. तो एसपी के निर्देश पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



