चेकिंग से बचने युवक ने स्पीड से दौड़ाई गाड़ी, तेज रफ्तार कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस को रौंदा, फिर अनियंत्रित होकर पलटी, दो गिरफ्तार

A young man drove at high speed to avoid checking, the driver of the speeding car ran over a traffic policeman, then lost control and overturned, two arrested.

चेकिंग से बचने युवक ने स्पीड से दौड़ाई गाड़ी, तेज रफ्तार कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस को रौंदा, फिर अनियंत्रित होकर पलटी, दो गिरफ्तार

रायपुर : राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान एक गंभीर लापरवाही और हादसे की घटना सामने आई है. रायपुर में एक तेज रफ्तार कार चालक ने ट्रैफिक सिपाही को टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि ड्रिंक एंड ड्राइव की चेकिंग के दौरान कार चालक ने बैरिकेट समेत ट्रैफिक सिपाही को काफी दूर तक घसीटा और थोड़ी दूर जाकर बीच सड़क पर कार पलट गई.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात रायपुर पुलिस द्वारा रोजाना की तरह नशे के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. उसी दौरान एक बलेनो कार नम्बर CG 04 ML 8357 चेकिंग पॉइंट को तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भागने लगी. कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी नाम के दो युवक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लापरवाहीपूर्वक वाहन दौड़ाने लगे.
पुलिस की टीम ने जैसे ही कार को रोकने का प्रयास किया. चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी. इसी बीच वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू कार ने यातायात आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. भागते हुए बैरिकेट और ट्रैफिक आरक्षक को टक्कर मारते हुए कार पलट गई.
चिकित्सकों के मुताबिक उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह से टूट गई है और फिलहाल उनका इलाज जारी है. हादसे की खबर मिलते ही यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस द्वारा नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में तेलीबांधा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी. तभी इन दोनों युवकों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए पुलिस चेकिंग पॉइंट को तोड़ दिया.
दोनों युवक किसी क्लब से लौट रहे थे और शायद नशे की हालत में थे. पुलिस की मौजूदगी देखकर उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए तेज रफ्तार में वाहन भगाने की कोशिश की. जिसके चलते यह हादसा हुआ. दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है.
आरोपियों से पूछताछ जारी है. दोनों के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस कर्मी को चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. जांच के बाद उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t