बेटी के विवाह का कार्ड बांटकर लौट रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, दो घायल, इधर सडक़ पर बिखरी गिट्टी से फिसलकर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की गई जान
An elderly man returning from distributing his daughter's wedding cards died in a road accident, two others were injured. Meanwhile, a bike slipped on gravel scattered on the road and fell into a ditch, killing a young man.
बिलासपुर/सीपत : बिलासपुर जिला में सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई. बुजुर्ग अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिनमें से एक की मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सोठी डी पारा निवासी घासीराम राज उम्र 70 साल अपने परिचित किशन उर्फ रामू ठाकुर और कार्तिक राम मरावी के साथ मोटरसाइकिल से बेटी श्यामा राज की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे. बेटी की शादी 30 मार्च को तय थी. गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों निमंत्रण कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान ग्राम ऊनी के तिराहा सोसायटी के पास मेन रोड पर सामने से आ रही बाइक CG10 BX 4725 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. घासीराम राज को नाजुक हालत में पीएचसी सीपत लाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बलौदा अस्पताल रेफर किया गया है.
हादसे की खबर मिलने पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग क्रमांक 17/2026 धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुआ है.
इस दुखद घटना के बाद ग्राम सोठी में शोक का माहौल है. जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं. उसी घर से पिता की अर्थी उठने से पूरा गांव गमगीन है. खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
सडक़ पर बिखरी गिट्टी से फिसलकर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की गई जान
जांजगीर-चांपा : सारागांव-सिलयारी मुख्य मार्ग पर निलजा तालाब के पास बीती रात एक सडक़ हादसे में 22 साल के दीपक यादव की मौत हो गई. हादसे की असल वजह सडक़ पर बिखरी गिट्टी और अंधा मोड़ बताया जा रहा है. हादसे ने स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम टोनाटार जिला बलौदाबाजार निवासी दीपक यादव बुधवार को ग्राम निलजा अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था. रात करीब 9 बजे शादी घर से ड्यूटी के लिए बैकुंठ स्थित निजी फैक्ट्री जा रहा था.
निलजा पनबुड़वा तालाब के पास अंधे मोड़ पर सडक़ पर फैली गिट्टी के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह सडक़ किनारे गहरे गड्ढे में गिर गया. अनुमान है कि सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. अंधेरा होने की वजह से रात भर किसी की नजर नहीं पड़ी. सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को खबर किया. खरोरा पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
प्रशासन की चुप्पी पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर पहले कई हादसे हो चुके हैं. लेकिन प्रशासन और यातायात विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं. न तो ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई होती है और न ही सडक़ किनारे गिरे गिट्टी को हटाने की कोई व्यवस्था है. स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण चेतावनी दे रहे हैं कि अगर प्रशासन समय रहते गंभीर नहीं हुआ. तो यह मार्ग और भी ‘खूनी’ साबित हो सकता है
सडक़ पर बिखरी गिट्टी मुख्य रूप से ओवरलोड हाइवा वाहनों से गिरती है. जो दोपहिया वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. निलजा के खतरनाक मोड़ पर पर्याप्त रोशनी और संकेतक नहीं हैं. भारी वाहनों का दबाव और टोल टैक्स बचाने की होड़ भी हादसे की वजह बन रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



