प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ वाराणसी में हारी भाजपा, बैलेट पेपर से हुआ चुनाव, सपा ने एमएलसी शिक्षक सीट जीती, स्नातक पर भी आगे

BJP defeated in Prime Minister Narendra Modi’s stronghold, Varanasi; election held via ballot paper; Samajwadi Party wins the MLC teachers' constituency seat and is also leading in the graduates' constituency.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ वाराणसी में हारी भाजपा, बैलेट पेपर से हुआ चुनाव, सपा ने एमएलसी शिक्षक सीट जीती, स्नातक पर भी आगे

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा एमएलसी शिक्षक सीट हार गई है. स्नातक एमएलसी सीट पर भी सपा से पीछे चल रही है. शिक्षक पर सपा के लाल बिहारी यादव जीते हैं. स्नातक पर सपा के आशुतोष सिन्हा आगे चल रहे हैं.
यूपी एमएलसी चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा को बहुत बड़ा झटका लगा है. शिक्षक एमएलसी की सीट भाजपा हार गई है. स्नातक सीट पर भी सपा से पीछे चल रही है. पिछले चुनाव में भी सपा ने भाजपा को हराकर दोनों सीटें जीती थीं. सपा ने अपने प्रत्याशियों को रिपीट किया था. शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रथम वरीयता में चार हजार से ज्यादा वोटों से हराया.
सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव को पहले चरण में 6941 और दूसरे में 4017 कुल 10958 वोट मिले. भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को पहले चरण में 3005 और दूसरे में 3055 यानी कुल 6060 वोट हासिल हुए. अन्य प्रत्याशियों की बता करें तो चेतनारायण सिंह को 3111, अवधेश सिंह को 108, ऋतिका दुबे के 450, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह को 1088, धर्मेंद्र कुमार यादव को 182, डॉ. फरीद अंसारी को 152, सुधांशु शेखर त्रिपाठी को 533 और संजय राय प्रियदर्शी को 310 वोट हासिल हुए हैं. कुल 1441 मत अवैध घोषित हुए हैं.
स्नातक एमएलसी में दूसरे राउंड तक सपा को तीन हजार की बढ़त
वहीं एमएलसी की स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा दूसरे राउंड में भी आगे निकल गए हैं. उन्हें करीब तीन हजार की लीड मिल गई है. दूसरे राउंड में आशुतोष को 5235 और भाजपा के केदारनाथ सिंह को 3740 वोट मिले। पहले राउंड में आशुतोष को 5184 और केदारनाथ को 3734 वोट मिले थे. इस तरह दो राउंड के बाद आशुतोष के वोटों का आंकड़ा दस हजार को पार करते हुए 10419 हो गया है. केदारनाथ के पास 7474 वोट हैं.
दूसरे वरीयता की गिनती से मिली जीत
मतगणना के नियमों के मुताबिक प्रथम वरीयता में कुल वैध मतपत्रों के आधी संख्या से एक ज्यादा वोट को ही निर्णायक माना जाता है. इसके हिसाब से शिक्षक निर्वाचन में जीत के लिए 11472 वोट की जरूरत थी. सबसे ज्यादा लालबिहारी के 10958 को वोट थे. लेकिन जीत के लिए 514 वोट कम होने से द्वितीय वरीयता के मतों की गणना प्रारम्भ की गई. हालांकि भोर में पाचं बजे तक लाल बिहारी को जीत का प्रमाण पत्र नहीं मिल सका था.
रात 9.30 बजे शुरू हुई स्नातक मतपत्रों की गिनती
स्नातक मतपत्रों के मिलान, वैध/अवैध जांच, बंडल बनाने का काम करीब 13 घंटे से ज्यादा समय तक चला. रात करीब 9.30 बजे गणना शुरु हुई. 14 टेबलों पर दो शिफ्ट में कर्मचारी गणना कर रहे हैं. निर्वाचन अधिकारी और उप निर्वाचन अधिकारी निगरानी के लिए मौजूद थे. स्नातक वोटों की गणना शुरू होने में देर से सुबह से पहुंचे समर्थक काफी उदास नजर आए. इस सीट का नतीजा बुधवार देर रात तक आने की उम्मीद है.
वाराणसी एमएलसी में आठ जिले
वाराणसी खंड निर्वाचन क्षेत्र में आठ जिले आते हैं. वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही औऱ बलिया शामिल हैं. यहां स्नातक पद पर 24 और शिक्षक के लिए 10 प्रत्याशी मैदान थे। 23 अक्तूबर को हुए मतदान में आठों जिलों के 453 बूथों पर स्नातक के लिए 41.11 और शिक्षक के लिए 69.87 फीसदी वोट पड़े थे. स्नातक के 2.88 लाख वोट में 118611 और शिक्षक 34900 मतदाताओं में 24384 ने मतधिकार का प्रयोग किया था.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb