होटल में चाय पी रहे भाजपा-नेता के गले पर चाकू से हमला, नेता सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार, कारण अज्ञात, वीडियो वायरल, तलाश में जुटी पुलिस
BJP leader attacked with a knife on the neck while having tea at a hotel; leader admitted to Sector-9 Hospital; accused absconding; motive unknown; video goes viral; police searching for the suspect.
दुर्ग : दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम के वार्ड नम्बर 37 जोरातराई में शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर हमला कर दिया गया. वे एक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे. इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने पीछे से चाकू से वार कर दिया. चाकू राजेंद्र यादव के गले में लगा. जिससे वे घायल हो गए. हमले के बाद उन्हें भिलाई के सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत खतरे से बाहर है और इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे राजेंद्र यादव रोज की तरह चाय पीने के लिए होटल पहुंचे थे. इसी दौरान आरोपी युवक वहां आया और पीछे से चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर लोग घबरा गए. हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
हमले का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें आरोपी युवक राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है. पुलिस वीडियो फुटेज को जांच में शामिल कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. उतई पुलिस मौके पर पहुंची है.
हमले की वजह पता नहीं
राजेंद्र यादव के मुताबिक आरोपी से उनकी पहले अच्छी दोस्ती थी. लेकिन पिछले तीन-चार साल से दोनों के बीच बातचीत बंद थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनकी कोई दुश्मनी या पुरानी रंजिश नहीं थी. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक उन पर हमला क्यों किया गया. पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हमले के पीछे की असल वजह सामने आने की उम्मीद कर रही है.
हमले की खबर मिलते ही उतई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई. वीडियो फुटेज समेत अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हमले के बाद किस दिशा में गया और हमले में इस्तेमाल हथियार कहां है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



