धान बीज और खाद की किल्लत पर कांग्रेस का हल्ला बोल, समिति कार्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी- होगा बड़ा प्रदर्शन

Congress raised voice against the shortage of paddy seeds and fertilizers, surrounded the committee office and submitted a memorandum, warned that there will be a big demonstration

धान बीज और खाद की किल्लत पर कांग्रेस का हल्ला बोल, समिति कार्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी- होगा बड़ा प्रदर्शन

महासमुंद : प्रदेश में धान बीज और खाद की भारी किल्लत को लेकर कांग्रेस पार्टी अब मुखर हो गई है. सोमवार को विकासखंड पिथौरा के ग्राम पथरला स्थित प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कार्यालय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने घेराव किया. यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित किया गया. जिसमें सैकड़ों किसानों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया.
धरना प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी अरविंदर सिंह छाबड़ा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि शंकर कश्यप ने की. कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेमंत कौशिक ने किया जबकि आभार प्रदर्शन वीरेंद्र सागर द्वारा किया गया.
धरना स्थल पर संबोधित करते हुए जिला महामंत्री अरविंदर सिंह छाबड़ा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह उदासीन है. न तो उन्हें समय पर बीज मिल रहे हैं न खाद. जब किसान को ही समय पर संसाधन नहीं मिलेंगे तो वह खेती कैसे करेगा? यह सीधा-सीधा किसान विरोधी रवैया है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द बीज और खाद की व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ेगी. प्रदर्शन में शामिल किसानों ने बताया कि पिछले कई दिनों से समिति के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें बीज और खाद नहीं मिल रही है. कुछ किसानों को नकली बीज मिलने की भी शिकायतें हैं. जिससे उनकी फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है.
किसान महेंद्र निषाद ने कहा कि हमें हर साल ऐसी ही परेशानी होती है. समय पर बीज और खाद न मिलने से हमारी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है. समिति में न जवाब मिलता है. न ही समाधान..
प्रदर्शनकारियों ने सहकारी समिति के प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा. जिसमें मांग की गई है कि तत्काल किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अगर सात दिन के भीतर व्यवस्था नहीं सुधरी. तो किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर जिला मुख्यालय और राजधानी में बड़ा प्रदर्शन करेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

जनहित मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कलेक्टर का घेराव, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने निकले. लेकिन पुलिस प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था के चलते अस्थाई बेरिकेड्स में ही रोक दिया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता की बड़ी तादाद में मौजूद थे. प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ते हुए हर्डल पर चढ़ गए. हालांकि पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा.
स्थानीय समस्याओं को लेकर सेमरा तिराहे में प्रदर्शन किया इसका नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम वासुदेव ने किया. इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है. तब से आम जनता, विशेषकर किसान, छात्र, मजदूर और मरीज सभी परेशान हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में कभी खाद-बीज की किल्लत नहीं हुई. बिजली बिल हाफ था और बिजली की कटौती नहीं होती थी. लेकिन आज हालात बदतर हो गए हैं.
किसान खाद के लिए परेशान हैं. बिजली कटौती से सिंचाई प्रभावित हो रही है. जिला अस्पताल एक रेफर सेंटर बनकर रह गया है. सरकारी डॉक्टर निजी अस्पतालों से मिलीभगत कर मरीजों को वहां भेज रहे हैं. रेत के नाम पर अवैध वसूली हो रही है. और तो और, पेंड्रा बाईपास जिसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने किया था. वो आज तक अधूरा है. जबकि दो बार बजट पास हो चुका है. लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं दी गई.
पूर्व विधायक के.के. ध्रुव ने भी प्रदर्शन में भाग लिया और भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ता जवान, किसान और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर हैं. उन्होंने कहा कि जिले में रेत खदानों की स्वीकृति नहीं है. बिजली की अघोषित कटौती हो रही है. और कई आत्मानंद स्कूल बंद कर दिए गए हैं. जो शिक्षा के अधिकार का हनन है. कांग्रेस सरकार के समय 750 आत्मानंद स्कूल खोले गए थे. लेकिन आज भाजपा शासन में शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है. स्वास्थ्य और बिजली-पानी की स्थिति भी दयनीय हो चुकी है. अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आगे चक्का जाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा.
वही पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए थे. अपनी मांगों का  राज्यपाल के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सौंपा. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन और सरकार ने जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया तो यह आंदोलन और व्यापक रुप लेगा. प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB