खेत में संदिग्ध हालत में मिला किसान का शव, गांव में दहशत का माहौल, सिर पर गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Farmer's body found in suspicious condition in field, panic grips village, severe head injury, suspicion of murder, police investigating

खेत में संदिग्ध हालत में मिला किसान का शव, गांव में दहशत का माहौल, सिर पर गंभीर चोट के निशान, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग : दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसरा में एक किसान की लाश उसके ही खेत में संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान केसरा निवासी अमरसिंह साहू पिता कार्तिक साहू उम्र 50 साल के रुप में हुई है. शव मिलने की खबर से गांव में शोक और दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम ग्रामीणों ने खेत में एक व्यक्ति को अचेत हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही रानीतराई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरु की. पुलिस ने प्राथमिक सबूत जुटाते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की.
शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. चोटों की प्रकृति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया हो सकता है. यही वजह है कि मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है. पुलिस ने हर एंगल से जांच कर रही है. ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके.
शनिवार को शव मिलने के बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य इकठ्ठा किए. टीम ने मौके से मिट्टी, रक्त के नमूने और अन्य संभावित सबूत सुरक्षित किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट जांच में अहम भूमिका निभाएगी।
रविवार को पुलिस अधिकारी और जवान दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की. डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर बुलाई गई. ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या दिशा का पता लगाया जा सके. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पाटन अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है. परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है. गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. वहीं पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

शिवनाथ नदी पुल के नीचे मिला अज्ञात शव

इधर, दुर्ग शहर के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में भी एक व्यक्ति का शव मिला है। शनिवार को लोगों ने चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे एक व्यक्ति की लाश देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 साल के बीच बताई जा रही है.
शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना से लिखा हुआ है। जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है.