पूर्व महापौर के देवर की घर में हत्या, इलाके में फैली सनसनी, हिरासत में एक नाबालिग समेत दो आरोपी, 2 फरार आरोपियों की तलाश में जुटी राजनांदगांव पुलिस

Former mayor's brother-in-law murdered at home; incident sparks sensation in the area; two accused, including a minor, taken into custody; Rajnandgaon police searching for two absconding suspects.

पूर्व महापौर के देवर की घर में हत्या, इलाके में फैली सनसनी, हिरासत में एक नाबालिग समेत दो आरोपी, 2 फरार आरोपियों की तलाश में जुटी राजनांदगांव पुलिस

राजनांदगांव : शहर के चिखली इलाके में रविवार 16 अगस्त की रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. देशमुख चौक के पास स्थित अपने घर में सत्यजीत देशमुख की हत्या कर दी गई. मृतक पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख के देवर बताए जा रहे हैं. शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुआ विवाद और पुरानी रंजिश सामने आ रही है. रात करीब 10 से 10.30 बजे के बीच हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और देर रात तक घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही.
कुछ दिन पहले हुआ विवाद बना हत्या की वजह!
मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले सत्यजीत देशमुख का कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था. विवाद के बाद तनाव बढ़ता गया और रविवार रात आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर पहुंचकर हमला कर दिया. हमले में सत्यजीत देशमुख की मौत हो गई. वारदात में करीब चार युवकों के शामिल होने की बात कही जा रही है. वारदात के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासर में लिया है. जबकि दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है.
धारा 103(1), 332(a), 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज
16 अगस्त की रात चिखली चौकी अंतर्गत देशमुख चौक के पास पुराने विवाद को लेकर सत्यजीत देशमुख की उनके घर में हत्या के मामले में धारा 103(1), 332(a), 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बबलू साहू उर्फ बल्ला और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. वहीं वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और पतासाजी कर रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है.
व्यस्त चौक के पास घर में हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हत्या ऐसी जगह हुई. जो देशमुख चौक जैसे व्यस्त इलाके के पास है. वारदात का समय भी रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है. जब क्षेत्र में आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है. खास बात यह है कि इसी इलाके में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग प्वाइंट भी लगाया जाता है.
इसके बावजूद घर में घुसकर हत्या जैसी गंभीर वारदात का सामने आना पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. आखिर व्यस्त इलाके में संदिग्धों की गतिविधियों की भनक क्यों नहीं लगी और आरोपी किस तरह घर तक पहुंचे. यह भी जांच का अहम बिंदु बन गया है.
वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. देर रात तक घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अब वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है.
पुरानी रंजिश, विवाद की वजह और हत्या की पूरी कड़ी खंगाल रही पुलिस
पुलिस हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती तौर पर पुराना विवाद और आपसी रंजिश घटना से जुड़ी होने की आशंका है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक और आरोपियों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था. विवाद के बाद घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा और हत्या की वारदात को किसने और किस भूमिका में अंजाम दिया.
फिलहाल एक आरोपी और एक नाबालिग बालक पुलिस की हिरासत में हैं. जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के आगे बढ़ने के बाद ही हत्या की असल वजह, वारदात की पूरी कड़ी और सभी आरोपियों की भूमिका पूरी तरह साफ हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?