पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रेकी-प्लान और चोरी, फिल्मी अंदाज में वारदात, आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ी 900 कट्टा धान से भरी ट्रक, 4 आरोपी गिरफ्तार

Major police action, reconnaissance-plan and theft, film-like incident, finally police caught a truck loaded with 900 sacks of paddy, 4 accused arrested.

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रेकी-प्लान और चोरी, फिल्मी अंदाज में वारदात, आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ी 900 कट्टा धान से भरी ट्रक, 4 आरोपी गिरफ्तार

बालोद : पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बालोद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरी ट्रक चोरी कर दमकसा में छोड़कर 280 कट्टा शासकीय धान चोरी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
मिली  जानकारी के मुताबिक़ 16 जनवरी 2026 को 900 कट्टा धान से भरा ट्रक नंबर CG08 AV 1711 ग्राम मालीघोरी से अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाकर दमकसा बड़भूम में छोड़ दिया गया था. ट्रक से 280 कट्टा धान चोरी कर लिया गया था. इस बारे में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया.
थाना बालोद की संयुक्त विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई. टीम ने तकनीकी सबूत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर कार्रवाई की.
पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास खुद के दो ट्रक हैं और किस्त नहीं पटने से फाइनेंस कंपनी का दबाव बढ़ रहा था. किस्त चुकाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर धान चोरी की योजना बनाई. तीन दिनों तक मालीघोरी धर्मकांटा के पास धान से भरे ट्रक पर नजर रखने के बाद घटना को अंजाम दिया गया.
घटना के दिन चारों आरोपी मालीघोरी पहुंचे और ट्रक में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर ट्रक लेकर झलमला, रानीमाई होते हुए दमकसा पहुंचे. इसके बाद 900 कट्टा धान में से 280 कट्टा धान अपने खाली ट्रक में लोड कर ग्राम कंगलूटोला स्थित ससुराल ले गए. सरकारी बारदाना में धान होने की वजह से आरोपियों ने धान को स्थानीय बोरों में भरकर रख दिया और सरकारी बारदाना रास्ते में फेंक दिया। साथ ही ट्रक में लगे जीपीएस को भी तोड़कर फेंक दिया था.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के धान में से 179 कट्टा धान बरामद किया. वारदात में इस्तेमाल ट्रक नम्बर CG08 AQ 7884 और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. नेतराम देवांगन पिता देवलाल देवांगन, उम्र 37 साल, ग्राम कोरगुडा बालोद
2. काशीराम देवांगन पिता शंकरलाल देवांगन, उम्र 32 साल ग्राम कोरगुडा बालोद
3. तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला पिता यशवंत, उम्र 25 साल ग्राम कोरगुडा बालोद
4. धर्मेंद्र धनकर पिता रूमलाल, उम्र 27 साल ग्राम कोरगुडा बालोद
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB