ट्रैफिक सिग्नल पर विवाद के बाद ओला डिलीवरी बॉय की सरेआम पिटाई, वीडियो वायरल, महिला और परिजनों ने लात-घूंसों से पीटा, जांच में जुटी पुलिस
Ola delivery boy publicly beaten after a dispute at a traffic signal, video goes viral, woman and family members kick and punch him, police investigating
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष चौक पर एक ओला डिलीवरी बॉय की सरेआम पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें एक महिला और उसके परिजन युवक को सड़क पर लात-घूसों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल की देर शाम सुभाष चौक पर सिग्नल के दौरान स्कॉर्पियो सवार एक परिवार और ओला स्कूटी से डिलीवरी कर रहे युवक के बीच गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई. मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और हालत हाथापाई तक पहुंच गई.
आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार महिला पहले वाहन से नीचे उतरी और फिर अपने परिजनों के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय को सड़क पर गिरा दिया. इसके बाद सभी ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. युवक को बचाने के बजाय हमला और तेज हो गया. जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान वहां मौजूद एक राहगीर युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. लेकिन आरोप है कि उसे भी मारपीट का सामना करना पड़ा उसे भी लात-घूसों से पीटा गया. जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए.
घटना के बाद चौक पर बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हो गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और विवाद को शांत कराया. हालांकि तब तक घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार परिवार पथरीपारा बस्ती का रहने वाला है. घटना के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग सार्वजनिक स्थान पर हुई इस तरह की हिंसा की निंदा कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल पर इस तरह के विवाद अक्सर देखने को मिलते हैं. लेकिन इस तरह खुलेआम मारपीट की घटना चिंताजनक है. लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और सबूत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर शहर में ट्रैफिक अनुशासन और सड़क पर बढ़ती हिंसा को लेकर सवाल खड़े कर रही है. लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए चिंताजनक संकेत है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



