नशा और नाजायज हथियारों के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर पुलिस का एक्शन, नशीली टेबलेट और ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
Police crackdown on interstate drug and illegal arms network; two accused arrested with narcotic tablets and automatic pistol
बिलासपुर : बिलासपुर पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की अंतर्राज्य सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में रेड और सघन चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अवैध नशा और हथियार तस्करी पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर और लाइन बल की संयुक्त टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वराज कुर्रे को पकड़ा. उसके कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने हथियार की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा किए जाने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम को भोपाल रवाना किया. जहां स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी धीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो मैग्जीन जप्त की गई हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी बिलासपुर में पिस्टल सप्लाई के मामलों में शामिल रहा है.
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. वहीं धीरेंद्र तोमर की पुलिस रिमांड लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और सहयोगियों की तलाश जारी है. इसके साथ ही आरोपियों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है. जिन पर जल्द ही जब्ती की कार्रवाई कर आर्थिक प्रहार किया जाएगा.
आरोपी
स्वराज कुर्रे उम्र 20 साल निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाइन
धीरेन्द्र सिंह तोमर उम्र 37 साल भोपाल
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



