गरियाबंद में किरायेदारों और बाहरी लोगों पर पुलिस की पैनी नजर, अब मकान मालिकों की भी होगी परीक्षा, कुंडली खंगालने 6 टीमों ने 105 घरों में दी दस्तक
Police keep a close watch on tenants and outsiders in Gariaband; now, landlords will also face scrutiny as six teams visit 105 homes to verify backgrounds.
गरियाबंद : गरियाबंद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के मकसद से गरियाबंद पुलिस ने किरायेदारों और बाहर से आकर निवास कर रहे लोगों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के दर्रापारा (केशोडार) सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया.
अभियान के तहत पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों ने घर-घर पहुंचकर कुल 105 मकानों का भौतिक सत्यापन किया. इस दौरान किरायेदारों की जानकारी जुटाई गई. उनके पहचान दस्तावेजों की जांच की गई और मकान मालिकों से निर्धारित प्रपत्र में जानकारी ली गई.
पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों एवं जिलों से आकर रह रहे लोगों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए उनके मूल निवास स्थान के थानों से भी जानकारी मंगाई जा रही है.
पुलिस ने मकान मालिकों को "समाधान ऐप" की जानकारी देते हुए किरायेदार सत्यापन की ऑनलाइन प्रक्रिया से भी अवगत कराया और सभी से अनिवार्य रूप से किरायेदारों का सत्यापन कराने की अपील की.
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि नगर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि गरियाबंद नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सत्यापन अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से पुलिस का मदद करते हुए किरायेदारों और बाहरी लोगों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की अपील की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



