ऋषि-मुनियों को लेकर विवादित दावा करने वाला टीचर अरेस्ट, फेसबुक पर लिखा- रावण नहीं, इन्हें जलाया जाए; पुलिस पकड़ने पहुंची तो भागने लगा गुरुजी

Teacher arrested for making controversial claims about sages; he had written on Facebook that they—not Ravana—should be burned. When the police arrived to apprehend him, the 'guru' attempted to flee.

ऋषि-मुनियों को लेकर विवादित दावा करने वाला टीचर अरेस्ट, फेसबुक पर लिखा- रावण नहीं, इन्हें जलाया जाए; पुलिस पकड़ने पहुंची तो भागने लगा गुरुजी

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, धर्मग्रंथों और ऋषियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई है. उसके खिलाफ विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि फेसबुक पर की गई पोस्ट से हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया है.
फेसबुक पोस्ट को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने दर्ज कराई शिकायत
मिली जानकारी के मुताबिक 17 अक्टूबर 2026 को विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह उम्र 54 साल ने कुनकुरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी. आरोप है कि इस पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों को लेकर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं. करनैल सिंह ने शिकायत में कहा कि इस तरह की सामग्री से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में नाराजगी है. उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.
कुनकुरी थाने में दो धाराओं के तहत जुर्म दर्ज
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर कुनकुरी थाना पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई है. शिकायत में उल्लेखित फेसबुक पोस्ट और उससे संबंधित परिस्थितियों को जांच में शामिल किया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस की टीम आरोपी हेमंत कुमार बेदी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.
पूछताछ में फेसबुक पोस्ट करने की बात स्वीकार करने का दावा
पूछताछ के दौरान आरोपी हेमंत कुमार बेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात कबूल की. पुलिस ने मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए घटना में इस्तेमाल वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया है. जब्त मोबाइल फोन को मामले में अहम सबूत के रूप में शामिल किया गया है. पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है.
17 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर 17 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है. जांच के दौरान डिजिटल सबूतों और अन्य संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb