दर्रीपार में जमीन विवाद के बाद तनाव, राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित मिलने से सतनामी समाज में आक्रोश, क्षेत्र में तनाव का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

Tension prevails in Darripar following a land dispute; the Satnami community is outraged after the statue of Raja Guru Balak Das was found vandalized; a tense atmosphere grips the area, and the police have launched an investigation.

दर्रीपार में जमीन विवाद के बाद तनाव, राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित मिलने से सतनामी समाज में आक्रोश, क्षेत्र में तनाव का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

गरियाबंद/फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से लगे दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है. जमीन संबंधी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी. इस दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की गाड़ी को रोकने की बात सामने आई थी. इसके ठीक अगले दिन गुरुवार सुबह दर्रीपार क्षेत्र में शूरवीर एवं महान प्रतापी राजा गुरु बालक दास की स्थापित प्रतिमा खंडित हालत में मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है.
प्रतिमा खंडित किए जाने की खबर फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में आक्रोश देखा गया. समाज के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना के विरोध में ग्रामीणों और समाज के लोगों ने एकजुट होकर फिंगेश्वर थाना का रुख किया. बड़ी तादाद में महिला-पुरुष थाना परिसर पहुंचे और पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी. इस दौरान ग्रामीणों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की गंभीरता से जांच करने की मांग की. समाज के लोगों ने कहा कि मूर्ति खंडित करने वाले व्यक्ति की पहचान जल्द से जल्द की जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो.
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाए, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके.
बताया जा रहा है कि दर्रीपार में जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था. इसी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था. जांच के दौरान प्रशासन की गाड़ी रोके जाने की बात भी सामने आई थी. इसके बाद गुरुवार सुबह प्रतिमा खंडित मिलने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. हालांकि प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की. इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
सुबह से ही समाज में आक्रोश, थाना पहुंचने की अपील
घटना को लेकर तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी समेत समाज के लोगों से बड़ी तादाद में सुबह 10 बजे फिंगेश्वर थाना पहुंचे. वहीं तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने कहा कि समाज के लोग थाना पहुंचकर घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज के प्रतिनिधि गरियाबंद एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे.
जमीन विवाद से जुड़ा मामला, प्रशासनिक जांच के बाद बढ़ा तनाव
दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन की टीम की मौजूदगी और उसके बाद प्रतिमा खंडित मिलने की घटना को लेकर अब पुलिस और प्रशासन के सामने मामले की पूरी कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है. समाज के लोगों का कहना है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बना रहे.
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. प्रतिमा खंडित करने के पीछे कौन लोग हैं और घटना का जमीन विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा.
उन्होंने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो समाज की ओर से आगे आंदोलन और प्रदर्शन किया जा सकता है. हालांकि, फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb