खाने के बाद जूठे-पत्तल बाहर फेंकने को लेकर जमकर विवाद, कोटवार ने बेटों के साथ मिलकर लाठी-डंडे और चाकू से किया हमला, तीनों आरोपी गिरफ्तार
There was a heated argument over throwing out the leftover plates after eating. The Kotwar along with his sons attacked with sticks and knives. All three accused were arrested.
रायगढ़/तमनार : रायगढ़ जिला में तमनार थाना क्षेत्र के उरबा गांव में हुए हत्या के मामले का तमनार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है. गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम का कोटवार हरिराम चौहान, उसका बेटा आकाश चौहान और एक नाबालिग बालक शामिल है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा और चाकू भी बरामद किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 30 मई 2026 की रात्रि थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव को खबर मिली कि ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया उम्र 37 साल को गंभीर चोटों की हालत में अस्पताल लाया गया है. खबर मिलते ही थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ ग्राम उरबा पहुंचे.
जांच के दौरान पता चला कि दामोदर राठिया की मौत हो चुकी है. मृतक के बहनोई अवधराम राठिया निवासी गंजपुर, लैलूंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी छोटी बेटी के साथ दामोदर राठिया के घर जा रहा था. तभी उसने देखा कि ग्राम उरबा के कोटवार हरिराम चौहान, उसका बेटा आकाश चौहान और एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे. इसी दौरान आकाश चौहान और नाबालिग ने चाकू से तथा हरिराम चौहान ने डंडे से हमला किया. बीच-बचाव करने पर रिपोर्टकर्ता के साथ भी मारपीट की गई. जिससे उसे चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल दामोदर राठिया को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत जुर्म दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था.
भोजन के बाद उपयोग किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. इसी दौरान हरिराम चौहान, आकाश चौहान और नाबालिग ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दामोदर राठिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी हरिराम चौहान (उम्र 60 साल), आकाश चौहान (उम्र 22 साल) और एक नाबालिग बालक को हिरासत में लेकर उनके बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल डंडा और चाकू बरामद किया. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



