शासकीय मदिरा दुकान का वीडियो वायरल, आबकारी विभाग पर उठे सवाल, बोरियो में भरकर कोचिए ले जा रहे शराब, कैमरे में हुए कैद
Video of government liquor shop goes viral, questions raised about the excise department; coachmen transport liquor in sacks, caught on camera
महासमुंद : महासमुंद जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. जिसने आबकारी विभाग के दावों की पोल खोल दी है. विभाग का कहना है कि शासकीय मदिरा दुकानों से कोचियों को शराब की सप्लाई नहीं होती है. लेकिन वायरल वीडियो इस दावे को झुठलाता दिख रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि चार युवक सित्तली नाला स्थित शासकीय देशी मदिरा दुकान से शराब की बोरी निकालकर स्कूटी पर रख रहे हैं. वीडियो में काले और सफेद टी-शर्ट पहना युवक बोरे को उठाए नजर आ रहा है.
जांच में पता चला कि युवक का नाम कुशाल राय है. जो कुछ महीने पहले इसी दुकान पर सुपरवाइजर था. हालांकि अब वह इस्तीफा दे चुका है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो हफ्ते पुराना है. सूत्र दावा करते है कि सरकारी शराब दुकान से बोरियो में भरकर शराब सप्लाई के तार अधिकारियों से भी जुड़े हुए हैं.
जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची तो वायरल वीडियो में दिखा युवक दुकान परिसर के अंदर बैठा मिला. खबर मिलते ही सहायक आबकारी अधिकारी टीम के साथ पहुंचे और पूछताछ की. पूछताछ में युवक ने कहा कि वह सिर्फ अपने दोस्त को छोड़ने आया था.
गौर करने वाली बात यह है कि आबकारी विभाग का दावा है कि सभी सरकारी शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. फिर सवाल उठता है कि वीडियो वायरल होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? दुकान के बाहर खड़ी बाइक, बोरे का खुलेआम उठना, सुरक्षा गार्ड की गैरमौजूदगी और आधा बंद दरवाजा इस मामले को और संदिग्ध बनाते हैं.
फिलहाल जिला आबकारी अधिकारी जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिला रहे हैं. अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग वास्तव में कठोर कदम उठाता है या फिर हमेशा की तरह जांच के नाम पर लीपापोती कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



