रेलवे सुरक्षा बल का ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत 48 घंटे में 6.68 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा, लाखों के गहने चुराने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
Under Operation Yatri Suraksha of Railway Protection Force, theft of jewellery worth Rs. 6.68 lakhs was detected in 48 hours, four accused of stealing jewellery worth lakhs were arrested.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत 48 घंटे में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ट्रेन में हुई 6.68 लाख रुपये मूल्य के जेवरात की चोरी का पर्दाफाश किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 11754 रीवा-इतवारी एक्सप्रेस में एक यात्री अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था. यात्री ने अपना लेदर ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखकर विश्राम किया. 1 मार्च को गोंदिया स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद जब उसकी नींद खुली. तो बैग गायब पाया गया.
बैग में रखे ज्वेलरी बॉक्स में करीब 6,68,000 रुपये मूल्य के सोने के जेवरात थे. यात्री ने इस चोरी की शिकायत शासकीय रेल पुलिस, इतवारी में दर्ज कराई. जिसे क्षेत्राधिकार के आधार पर गोंदिया ट्रांसफर किया गया. इस मामले की जांच में बालाघाट और गोंदिया रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई. आगे की पड़ताल में रायपुर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में चारों संदिग्ध दिखाई दिए.
टीम ने दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर सर्च अभियान चलाया. रायपुर शहर की एक धर्मशाला के सीसीटीवी में 1 मार्च को चारों संदिग्धों के ठहरने की पुष्टि हुई. आधार कार्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनका स्थान मध्य प्रदेश के कटनी और मैहर क्षेत्र में पाया गया.
आरपीएफ, शासकीय रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को कटनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से चोरी का ट्रॉली बैग और सभी जेवरात बरामद कर लिए गए.
सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जीआरपी थाना गोंदिया लाया गया है. जहां आगे की जांच और पूछताछ जारी है. रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से कहा कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
संतोष कौशल, रायबरेली, उत्तर प्रदेश
गोविंद कुमार महतो, बेगूसराय, बिहार
टुन्ना मंडल, मुंगेर, बिहार
मोहम्मद इम्तियाज, बेगूसराय, बिहार
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



