नहीं रहे दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र, 89 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, सनी देओल ने दी मुखाग्नि, अमिताभ, सलमान, शाहरुख, हर आंख हुई नम
Veteran actor Dharmendra is no more, bidding adieu at the age of 89; Sunny Deol lit the funeral pyre; Amitabh, Salman, Shah Rukh, all eyes were moist.
मुंबई : बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार समेत पूरे सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे। इसके बाद घर पर उनका इलाज चल रहा था। लेकिन अब उनके निधन की खबर सामने आई है। प्रोड्यूसर करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट करके दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की जानकारी दी.
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में किया गया. इस दौरान पूरा देओल परिवार और कई सिनेमाई दिग्गज नजर आए. हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल, बॉबी देओल से लेकर अमिताभ बच्चन भी इस दौरान आंखों में आंसू समेटे मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे सनी देओल ने दी. उनके निधन ने पूरे देश को शोक की लहर में डुबो दिया.
धर्मेंद्र की आखिरी विदाई पर उनके परिवार के सभी लोग एकसाथ जमा हुए. वहीं उनके लिए पूरा बॉलीवुड उमड़ पड़ा। अमिताभ बच्चन के अलावा अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, आमिर खान, सलमान खान, सलीम खान, संजय दत्त जैसी तमाम हस्तियां विले पार्ले क्रिमेशन ग्राउंड पहुंचीं. जहां हर किसी के चेहरे पर शून्य का भाव था, आंखों में उदासी और मायूसी के साथ कइयों की आंखों में आंसू भी थे.
करण जाैहर ने निधन को लेकर की पोस्ट
धर्मेंद्र के निधन के बाद करण जौहर ने दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। जिसमें वह लिखते हैं, ‘एक युग का अंत हो गया।’ धर्मेंद्र के घर के बाहर भी कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को देखा गया। इसमें अमिताभ बच्चन से लेकर देओल परिवार नजर आया.
लंबे समय से बीमार थे धर्मेंद्र
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चला। इसके बाद उनका इलाज घर पर ही किया जाने लगा। लेकिन वक्त के साथ तबीयत नहीं सुधरी और आज सोमवार यानी 24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र का निधन हो गया.
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होगी 'इक्कीस'
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र एक्टिंग में सक्रिय थे। अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की आगामी फिल्म 'इक्कीस' इस दिग्गज अभिनेता की आखिरी फिल्म होगी। फिल्म ‘इक्कीस’ की कहानी एक यंग आर्मी ऑफिसर अरुण खेतरपाल की है। महज 21 साल की उम्र में देश के लिए इस सैन्य अधिकारी ने बलिदान दिया था। फिल्म में अभिनेता धर्मेंद्र ने आर्मी ऑफिसर के पिता का किरदार निभाया। वहीं अरुण खेतरपाल के रोल में अगस्त्य नंदा नजर आएंगे। यह फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



