पानी के तेज बहाव में फंसी बस, पुलिस ने 70 यात्रियों को किया सुरक्षित रेस्क्यू, इधर पार्षद जग्गू यादव ने ट्यूब के सहारे बचाई बच्चे और गर्भवती महिला की जान

A bus got trapped in a strong current of water, and the police safely rescued 70 passengers; meanwhile, Councilor Jaggu Yadav saved the lives of a child and a pregnant woman using a tube.

पानी के तेज बहाव में फंसी बस, पुलिस ने 70 यात्रियों को किया सुरक्षित रेस्क्यू, इधर पार्षद जग्गू यादव ने ट्यूब के सहारे बचाई बच्चे और गर्भवती महिला की जान

पानी के तेज बहाव में फंसी 70 यात्रियों से भरी बस, पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित निकाला
रायपुर/सारागांव : राजधानी रायपुर के नजदीक सारागांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की यात्री बस कोल्हान नाले में तेज बहाव के बीच फंस गई. बस में करीब 70 यात्री सवार थे. नाले में पानी बढ़ने की वजह से पुलिस टीम पहले से ही मौके पर तैनात थी और वाहनों को आगे बढ़ने से रोक रही थी.
बताया जा रहा है कि बस जब नाले के पास पहुंची तो यात्रियों ने पानी का तेज बहाव देखकर चालक को बस आगे नहीं ले जाने की सलाह दी. इसके बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा और वह पानी के बहाव में फंस गई.
बस के फंसते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई. कुछ यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकलने की तैयारी शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी फौरन एक्टिव हुए. ग्रामीणों की मदद से बस के पास पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने का रेस्क्यू शुरू किया गया.
पुलिस और ग्रामीणों ने बस की दाईं तरफ की खिड़कियों के जरिए यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला. काफी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया. इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर कर लिया गया. समय रहते हुए हुए रेस्क्यू की वजह से बड़ा हादसा टल गया.
हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया. उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौके पर चेतावनी और पानी के तेज बहाव के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया. पुलिस ने बस के परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की है. मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

इंसानियत की मिसाल बने वार्ड 18 के पार्षद जग्गू यादव, ट्यूब के सहारे बचाई दुधमुंहे बच्चे और गर्भवती महिला की जान
रायपुर/गोबरा नवापारा : बाढ़ के बीच जब हर तरफ पानी ही पानी था. तब वार्ड नम्बर 18 के पार्षद और नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा के सभापति जग्गू (जागेश्वर) यादव ने जो किया। वह इंसानियत की सच्ची मिसाल बन गया. रात भर जागकर जग्गू यादव अपने सहयोगी साथियों और नव परिवर्तन समाजसेवी संस्था के सदस्यों के साथ घर-घर जाकर लोगों का हालचाल पूछते रहे और उन्हें सुरक्षित रहने का संदेश देते रहे. सुबह 4 बजे जैसे ही पानी और बढ़ा. वे सिर्फ 2 ट्यूब के सहारे जान जोखिम में डालकर बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने निकल पड़े.
उन्होंने जलमग्न घरों में फंसे 4 माह के दुधमुंहे बच्चे, 7 महीने से ज्यादा की गर्भवती महिला, कई अन्य महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर तक पहुंचाया. साथ ही बेघर हुए पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. बचाए गए सभी लोगों के लिए उनके चाहने वालों द्वारा स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई.
वार्डवासियों ने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में जब अपना भी साथ छोड़ देता है. तब उनके पार्षद ने भाई बनकर उनकी जान बचाई. नगर के लोगों ने ऐसे जनप्रतिनिधि के कार्य को साधुवाद दिया और कहा यही तो है सच्चा जनसेवक.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?