घर में बिना बताए नवाखाई जुहार कर बहन के घर से लौट रहे युवक की बाइक का बिगड़ा संतुलन, एक की मौत, भाई घायल, मातम में बदलीं परिवार की खुशियां
A young man lost control of his bike while returning from his sister's house after celebrating the 'Navakhai Juhar' festival without prior notice; one person died and the brother was injured, turning the family's happiness into mourning.
गरियाबंद/देवभोग : घर में नवाखाई की खुशियां थीं. नए अन्न का भोग लगा था और परिवार के बीच पर्व की रौनक थी. इसी खुशी के बीच कैंटपदर निवासी गौतम यादव अपने चाचा के लड़के के साथ नवाखाई जुहार करने अपनी दीदी के घर धोबनमाल के लिए निकले. उन्हें क्या पता था कि कुछ घंटों बाद वापस लौटते समय रास्ते में हुआ एक हादसा परिवार की खुशियों को मातम में बदल देगा.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 6 बजे सीनापाली मंडी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी. बाइक की रफ्तार ज्यादा होने की वजह से हादसा गंभीर हो गया. बाइक गगन यादव चला रहा था और उसके पीछे उसका चाचा का लड़का गौतम यादव बैठा था. हादसे में गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकि गगन को चेहरे पर चोट और खरोंच आई.
नवाखाई जुहार करने घर में बिना बताए निकले
परिजनों के मुताबिक गौतम यादव और गगन यादव अपने घर में नवाखाई पर्व मनाने के बाद नवाखाई जुहार करने अपनी दीदी के घर धोबनमाल जाने के लिए निकले थे. दोनों घर में बिना बताए बाइक से रवाना हुए. धोबनमाल में समय बिताने और नवाखाई जुहार करने के बाद दोनों बाइक से वापस कैंटपदर की ओर लौट रहे थे.
सीनापाली मंडी के पास अचानक बिगड़ा बाइक का संतुलन
वापसी के दौरान सीनापाली मंडी के पास करीब 6 बजे बाइक का संतुलन बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार ज्यादा थी. जिसके चलते अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर गिर गई. अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में पीछे बैठे गौतम यादव को किसी तरह की चोटें नहीं आईं. लेकिन अंदुरूनी चोट के कारण बहुत सीरियस था। बाइक चला रहे गगन यादव के चेहरे पर चोट और खरोंच आई.
निजी वाहन से देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद दोनों युवकों को तत्काल कैंटपदर के प्राइवेट वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग लाया गया. परिजन और आसपास के लोग भी अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने गौतम यादव की जांच की. लेकिन उसकी मौत घटना स्थल के पास ही हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद गौतम यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं गगन यादव को भी चोटें आई हैं.
हादसे के बाद भाई को आया फोन
हादसे के बाद गगन यादव ने गौतम के बड़े भाई विखुराम यादव को फोन कर हादसे की जानकारी दी. फोन पर हादसे की खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. कुछ समय पहले तक जिस परिवार में नवाखाई पर्व की खुशियां थीं. वहीं अचानक मौत की खबर पहुंच गई. परिजनों के लिए यह यकीन करना भी मुश्किल था कि कुछ घंटे पहले घर से निकला गौतम अब वापस नहीं लौटेगा.
तीन भाइयों में मंझला था गौतम
गौतम यादव तीन भाइयों में मंझला था। उसका परिवार पहले ही पिता को खो चुका है. परिजनों के मुताबिक गौतम के पिता का करीब सात साल पहले निधन हो चुका था. परिवार में उसकी मां और दो भाई हैं. गौतम कपड़े की दुकान में काम करता था. रोजमर्रा की जिंदगी में मेहनत कर परिवार का सहारा बनने वाला गौतम नवाखाई के दिन परिवार से निकलकर दीदी के घर जुहार करने गया था. लेकिन वापस लौटते समय हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली.
एक हादसा और परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
नवाखाई पर्व पर घर से निकले दोनों युवकों के लिए यह सफर सामान्य था. पर्व की खुशियां मनाने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे. लेकिन सीनापाली मंडी के पास हुए हादसे ने कुछ ही पल में पूरा घटनाक्रम बदल दिया. एक तरफ अस्पताल में जिंदगी बचाने की कोशिश हुई. तो दूसरी तरफ परिवार के लोग अपनों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे. लेकिन डॉक्टरों की घोषणा के बाद वह उम्मीद टूट गई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों, बाइक की गति और हादसे की वजह को लेकर जानकारी जुटा रही है. जांच के बाद हादसे का पूरा घटनाक्रम और स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. नवाखाई की खुशियों के बीच शुरू हुआ यह सफर परिवार के लिए ऐसी याद छोड़ गया. जिसे शायद वे लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



