बाइक हटाने महिला से विवाद, शांत कराने पहुंचे युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला, 2 युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती, इलाके में तनाव का माहौल, आरोपी फरार

Dispute with woman over bike removal, youths who tried to pacify the situation were attacked with a knife, two youths seriously injured, hospitalized, tension prevails in the area, accused absconding

बाइक हटाने महिला से विवाद, शांत कराने पहुंचे युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला, 2 युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती, इलाके में तनाव का माहौल, आरोपी फरार

बिलासपुर : बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमंद में बाइक हटाने को लेकर महिला से  शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पक्षों के बीच हो रही कहासुनी को शांत कराने पहुंचे युवकों पर ही आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में एक छात्र और उसके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक लालखदान संतनगर निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीएएलएलबी की पढ़ाई कर रहा है. 24 मई की रात करीब 8:20 बजे वह महमंद बाजार में सब्जी खरीदने गया था. इसी दौरान उसने देखा कि लालखदान निवासी गोविंदा पासी, अर्जुन यादव और उनका एक अन्य साथी एक महिला से दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर गाली-गलौज और बहस कर रहे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने मामले को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन आरोपियों ने उस पर ही हमला कर दिया. आरोप है कि गोविंदा पासी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया. जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. घायल युवक ने अपने भाई अमन पाटले को फोन कर घटना की जानकारी दी. बताया जा रहा है कि घायल युवक इलाज के लिए जा रहा था. उसी दौरान उसका भाई अमन पाटले उसे खोजते हुए बाजार पहुंचा.
आरोप है कि वहां मौजूद गोविंदा पासी, अर्जुन यादव और उनके साथी ने अमन पाटले के साथ भी मारपीट शुरू कर दी. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आरोपियों ने चाकू से 3 से 4 वार किए. जिससे अमन के सिर, सीने और पेट में चोटें आईं. वारदात के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है.
घायल अमन पाटले को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका उपचार जारी है. मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t