शराब के नशे में विवाद ने बुझा दिया घर का चिराग, दोस्त ही निकला हत्यारा, 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा, आरोपी भुवनेश्वर गिरफ्तार
Drunken dispute snuffs out a family's hope; friend turns out to be the killer; 'blind' murder solved within 72 hours; accused Bhubaneshwar arrested.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले में थाना लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने आपसी रंजिश और विवाद के दौरान घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर जानलेवा हमला कर युवक की हत्या कर दी थी. पुलिस ने वैज्ञानिक सबूतों, घटनास्थल से मिले अहम सुराग और पुलिस डॉग 'रूबी' की मदद से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान उम्र 65 साल ने 12 जुलाई 2026 की रात थाना लैलूंगा में खबर दी कि उसके बेटे रामनाथ उर्फ सोनू चौहान उम्र 23 साल का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है. मृतक के सिर और गर्दन के पास भारी वजनी शील पत्थर पड़ा था.
प्रार्थी ने बताया कि उसका बेटा शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपनी मां से विवाद और मारपीट करता था. इसी वजह से उसकी मां एक हफ्ते पहले अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना चली गई थी.
खबर मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कराया. शव का पोस्टमार्टम कराया और घटनास्थल से अहम सबूत जिनमें आरोपी का गमछा भी शामिल था. जब्त किया गया.
इस मामले की जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई. पुलिस डॉग 'रूबी' को डाग मास्टर विरेन्द्र अनंत ने घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर कई लोगों को खड़ा किया गया. पुलिस डॉग रूबी ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर स्पष्ट संकेत दिया. शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई. जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक साथ बैठकर खाना खा रहे थे. और शराब पी रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ. जिसके बाद उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से रामनाथ उर्फ सोनू के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी. आरोपी के बयान पर घटना के समय पहने गए फुल पैंट और टी-शर्ट भी जब्त किए गए.
जांच में आरोपी भुवनेश्वर यादव पिता स्व तिलूराम यादव उम्र 26 साल निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का जुर्म करना पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है. लैलूंगा पुलिस की त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना से हत्या के इस मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया.
आरोपी
भुवनेश्वर यादव पिता स्व तिलूराम यादव उम्र 26 साल निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ छत्तीसगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



