सड़क हादसे में बालोद नगर-पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष की दर्दनाक मौत, दुकान से घर लौटते समय विंगर ने मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट से गई जान

Former Balod Municipal Council Vice President dies tragically in road accident; hit by Winger while returning home from shop, dies from severe head injury

सड़क हादसे में बालोद नगर-पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष की दर्दनाक मौत, दुकान से घर लौटते समय विंगर ने मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट से गई जान

बालोद : बालोद शहर के गंजपारा क्षेत्र में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में  नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष और सर्वोदय मंडल के संरक्षक सुखित राम साहू उम्र 60 साल की मौत हो गई. वे वर्ष 1994 में नगर पालिका बालोद के उपाध्यक्ष रह चुके थे और शहर के सर्वोदय मंडल के संरक्षक भी थे. दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौटते समय एक अनियंत्रित विंगर वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनके सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौतहो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक सुखित राम साहू गंजपारा स्थित एफसीआई गोदाम के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करते थे. रविवार शाम करीब 7:40 बजे वे दुकान बंद कर अपनी स्कूटी से घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दुर्गा मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार विंगर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे साहू
सुखित राम साहू वर्ष 1994 में नगर पालिका बालोद के उपाध्यक्ष रहे थे. जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी पहचान शहर के धार्मिक और सामाजिक कार्यों में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में थी.
पुलिस की कार्रवाई के बाद अंतिम विदाई
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शव को मर्च्युरी में रखवाया गया है और आज पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने अज्ञात विंगर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. सुखित राम साहू की अंतिम यात्रा सोमवार को उनके गृह निवास पांडेय पारा से पांडेयपारा मुक्तिधाम तक निकाली जाएगी. उनके निधन की खबर से पूरे बालोद शहर और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB