सरकारी खाते से लाखों के अनधिकृत ट्रांजेक्शन का मामला, 26.87 लाख का गबन, कलेक्टर के निर्देश पर जांच के बाद सेंट्रल बैंक का क्लर्क टिकेश गिरफ्तार
Case involving unauthorized transactions worth lakhs from a government account and the embezzlement of ₹26.87 lakh; Central Bank clerk Tikesh arrested following an investigation ordered by the Collector.
मुंगेली : मुंगेली जिले में शासकीय राशि के अनधिकृत अंतरण के मामले में सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने एक बैंक लिपिक को गिरफ्तार किया है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा में संचालित पर्यावरण अधोसंरचना विकास मद के सरकारी खाते से कुल 26 लाख 87 हजार रुपये का अनधिकृत लेन-देन किया गया था. मामले में आरोपी बैंक लिपिक टिकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक कलेक्टर मुंगेली के आदेश के आधार पर 7 अगस्त 2026 को संबंधित शासकीय खाते से हुए अनधिकृत लेन-देन की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश मिले थे. इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच शुरू की.
सात बार हुआ अनधिकृत ट्रांजेक्शन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 30 सितंबर 2025 से 8 अक्टूबर 2025 के बीच उक्त सरकारी खाते से कुल सात बार अनधिकृत लेन-देन किया गया. इन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल ₹26,87,000 की राशि का आहरण और फिर जमा कर अनियमित रूप से लेन-देन किया जाना पाया गया.
जांच में सामने आया कि 30 सितंबर 2025 को शासकीय खाते से आरोपी के व्यक्तिगत बैंक खाते में 8 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके बाद 1 अक्टूबर 2025 को मंजुलता पटेल के बैंक खाते में क्रमशः 9 लाख 19 हजार रुपये और 9 लाख 18 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है. इसमें से 1 लाख 61 हजार 500 रुपये अतिरिक्त राशि होने के कारण शासन के खाते में वापस आ गई थी.
बैंकिंग रिकॉर्ड से आरोपी की भूमिका सामने आने का दावा
आरोपी टिकेश कुमार पिता स्व रैन सिंह उम्र 30 साल मूल निवासी ग्राम खैरवाही, थाना चारामा, जिला कांकेर तथा वर्तमान में रायपुर में निवासरत है. आरोपी वर्ष 2022 से जनवरी 2026 तक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा में लिपिक के पद पर पदस्थ था.
आरोपी को ग्राहक KYC, मोबाइल नंबर लिंकिंग, खाता संचालन, NEFT/RTGS और राशि अंतरण सहित कई बैंकिंग कार्यों की जिम्मेदारी दी गई थी. जांच के दौरान बैंकिंग रिकॉर्ड, CBS प्रणाली में उपलब्ध विवरण और अन्य दस्तावेजों को चेक किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने संबंधित राशि का अंतरण बैंक मैनेजर के अप्रूवल के बाद CBS प्रणाली के जरिए किए जाने की बात कही है. पुलिस ने मिले सबूतों के आधार पर आरोपी की भूमिका प्रथम दृष्टया पाए जाने पर मामले में धारा 316(5) बीएनएस भी जोड़ी.
23 सितंबर को गिरफ्तारी, 24 सितंबर को न्यायिक रिमांड
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी टिकेश कुमार को 23 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया. इसके बाद 24 सितंबर को अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले में जांच अभी जारी है और मिले बैंकिंग रिकॉर्ड और दुसरे सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



