रायपुर में आधी रात शराब के लिए पैसे नहीं देने पर चाचा को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी, आरोपी भतीजा मयंक तिवारी गिरफ्तार, हथियार बरामद
In Raipur, an accused nephew, Mayank Tiwari, was arrested after threatening to kill his uncle by brandishing a knife when the latter refused to give him money for alcohol; the weapon has been recovered.
रायपुर : राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही चाचा को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक आजाद चौक थाना क्षेत्र के खपराभट्टी, आमापारा में रहने वाले उत्तम तिवारी ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई कि 5 अगस्त 2026 की रात वह अपने घर में सो रहे थे, इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे उनका भतीजा मयंक तिवारी नशे की हालत में उनके घर पहुंचा और दरवाजे को जोर-जोर से पीटने और हिलाने लगा,
जब उन्होंने दरवाजा हिलाने से मना किया तो मयंक तिवारी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे. उत्तम तिवारी ने पैसे नहीं होने की बात कही. जिससे आरोपी भड़क गया. आरोप है कि गुस्से में उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और चाचा को जान से मारने की धमकी देने लगा. घटना से घबराए उत्तम तिवारी ने किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा और बाद में पूरे मामले की खबर पुलिस को दी.
शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया. आरोपी मयंक तिवारी के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने शिकायतकर्ता से डिटेल पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की. तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी मयंक तिवारी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया. पूछताछ में पुलिस आरोपी से घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की हालत में था और शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मयंक तिवारी पिता राजेश तिवारी उम्र 30 साल निवासी खपराभट्टी, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



