गरियाबंद में आकाशीय बिजली का कहर, खेत की झोपड़ी पर गिरी गाज, युवक की मौत, एक ही परिवार के तीन लोग घायल, गांव में शोक का माहौल
Lightning strikes Gariaband, strikes farm hut, kills youth, injures three others, leaves village in mourning
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक ही परिवार के तीन अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक देवभोग थाना क्षेत्र के पीटापारा गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोग खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई. मौसम खराब होते देख सभी लोग खेत में बनी एक झोपड़ी में जाकर बैठ गए.
इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर गिर गई. बिजली गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. हादसे में ओमप्रकाश ध्रुव उम्र 33 साल गंभीर रुप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन अन्य लोग भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया. बताया जा रहा है कि घायलों में से एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने की वजह से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. इस हादसे के बाद पीटापारा गांव में मातम का माहौल है.
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक मौसम खराब हुआ और कुछ ही मिनटों में यह बड़ा हादसा हो गया. लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा लगातार बना रहता है. हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील किया कि बारिश और गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ या अस्थायी झोपड़ियों में रुकना खतरनाक हो सकता है. मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. हर साल मानसून और प्री-मानसून के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आती हैं. जिनमें जान-माल का नुकसान होता है. विशेषज्ञों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. ताकि लोग ऐसे हादसों से बच सकें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



