गरियाबंद में तेंदुए के हमले से मवेशी लहूलुहान, इधर जंगल में गाय चराने गए युवक पर दो भालुओं का हमला, नाजुक हालत में रायपुर रेफर, बाघ भी खतरा बढ़ा

Livestock left bloodied in a leopard attack in Gariaband; meanwhile, a youth grazing cows in the forest was attacked by two bears and referred to Raipur in critical condition; the threat from tigers has also increased.

गरियाबंद में तेंदुए के हमले से मवेशी लहूलुहान, इधर जंगल में गाय चराने गए युवक पर दो भालुओं का हमला, नाजुक हालत में रायपुर रेफर, बाघ भी खतरा बढ़ा

जंगल में गाय चराने गए युवक पर दो भालुओं का हमला, नाजुक हालत में रायपुर रेफर
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के शोभा क्षेत्र में जंगल में गाय चराने गए 30 साल के युवक पर दो भालुओं ने हमला कर दिया. हमले में युवक मदन नेताम घायल हो गया. हमले के बाद उसे पहले मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मदन नेताम जंगल में गाय चराने गया था. इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे खरता बेड़ा जंगल में दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया. हमले के समय बंशी नेताम भी उसके साथ मौजूद थे. भालुओं के हमले में मदन घायल हो गया. हमले के बाद उसे इलाज के लिए मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां से चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
तेंदुए के हमले से मवेशी लहूलुहान, बाघ की मौजूदगी की भी तलाश
गरियाबंद/मैनपुर : गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में वन्यजीवों की सक्रियता से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. तौरेंगा परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जरहीडीह और शोभा के समीप सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जंगल किनारे चर रहे एक मवेशी पर तेंदुए ने हमला कर दिया. हमले में मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले के बाद वन विभाग ने मौके का मुआयना किया और क्षेत्र में बाघ की संभावित मौजूदगी को लेकर भी तलाश तेज कर दी है.
गले और मुंह पर हमला, ग्रामीणों के शोर से जंगल में भागा तेंदुआ
मिली जानकारी के मुताबिक मवेशी जंगल के किनारे घास चर रहा था. इसी दौरान तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमले में मवेशी के गले और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया. मवेशी की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े और शोर मचाने लगे. लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ मवेशी को छोड़कर घने जंगल की तरफ भाग गया. हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया.
पंजों के निशान मिलने पर वन विभाग ने किया मुआयना
हमले की जानकारी मिलते ही जरहीडीह निवासी युवा भुआर्य पटेल उर्फ गोलू ने वन विभाग को खबर दी. इसके बाद वन विभाग के एसडीओ गोपाल कश्यप के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. मौके पर वन्यजीव के पंजों और नाखूनों के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है. विभागीय स्तर पर हमले को तेंदुए का हमला बताया गया है. घटना के बाद वन अमला आसपास के क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है.
टाइगर की मौजूदगी की भी आशंका, कुल्हाड़ीघाट से आने की चर्चा
तेंदुए के हमले के बाद वन विभाग की चिंता इस बात को लेकर भी बढ़ गई है कि क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां होने की आशंका जताई जा रही है. विभागीय जानकारी के मुताबिक कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र से बाघ के इस इलाके में आने की संभावना को देखते हुए वन अमला लगातार गश्त और तलाश कर रहा है.
हालांकि बाघ की मौजूदगी की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है. ऐसे में वन विभाग की निगरानी और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व वन्यजीवों का महत्वपूर्ण आवास है. जहां वन्यजीव संरक्षण के साथ आसपास के गांवों की सुरक्षा भी अहम है.
मवेशी मालिक की तलाश, मुआवजा प्रकरण अभी लंबित
हमले में घायल मवेशी का मालिक फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है. वन विभाग के मुताबिक मालिक की पहचान नहीं होने की वजह से अभी तक क्षतिपूर्ति का मामला तैयार नहीं हो सका है. विभाग आसपास के गांवों में मवेशी मालिक की तलाश कर रहा है. ताकि पहचान होने के बाद नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके.
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है. लोगों को जंगल और उसके किनारों पर अकेले जाने से बचने, मवेशियों को खुले में लावारिस नहीं छोड़ने और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी गई है.
विभाग ने कहा है कि वन्यजीव दिखाई देने या किसी अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर फौरन वन अमले को खबर करें. तेंदुए के हमले और बाघ की संभावित गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों की सतर्कता तथा वन विभाग की निगरानी फिलहाल बेहद महत्वपूर्ण है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb