चाकू की नोक पर खाते से रकम ट्रांसफर कराकर लूट, इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर के अपहरण और लूटकांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

Robbery involving forced fund transfer at knifepoint; kidnapping and robbery of a professor out for an evening walk solved within 48 hours; four accused arrested.

चाकू की नोक पर खाते से रकम ट्रांसफर कराकर लूट, इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर के अपहरण और लूटकांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ : पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस टीम ने पहले आरोपी सुनील सारथी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया. इसके बाद लगातार दबिश, पूछताछ और घेराबंदी के जरिए मामले की साजिश का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके छोटे भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार किया.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी कपूर चंद गुप्ता 47 साल निवासी ग्राम जाकेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे. थकान महसूस होने पर वे सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम करने लगे.
इसी दौरान आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें घेर लिया और पकड़कर डबरी की तरफ ले गए. उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई और पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की और मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM UPI एप के पासवर्ड हासिल कर लिया.
UPI और QR कोड के जरिए खाते से रकम ट्रांसफर कराई
आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से डिजिटल भुगतान की सुविधा का दुरुपयोग करते हुए एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर कराई. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित के खाते की उपलब्ध ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म होने तक रकम निकालने की कोशिश की. इस दौरान पीड़ित को धमकाकर उसके घर फोन भी करवाया गया. ताकि परिजनों को किसी अनहोनी का शक न हो. रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उसे थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा.
पंडरीपानी में बंधक बनाकर रखा
इधर, पीड़ित के परिजनों को फोन पर बातचीत के दौरान शक हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए. परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी पीड़ित को छोड़कर मौके से फरार हो गए. खबर मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित को सकुशल मुक्त कराकर थाने लाया गया. इसके बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई.
तीन अन्य आरोपी भी पकड़े गए
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ल अलग-अलग टीमों के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की. सुनील सारथी को सारंगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया. पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अपहरण की प्लान बनाने के आरोप में राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा दिनेश सारथी की तलाश तेज की. पुलिस टीम ने लगातार दबिश और घेराबंदी कर तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि उन्होंने प्रोफेसर को नौकरीपेशा और सीधे-सादे व्यक्ति के रुप में देखकर उनके परिवार से आसानी से रकम ऐंठने की मंशा से वारदात की प्लान बनाई थी. पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिक्रिएशन भी कराया.
तीन दिन पहले बनाई थी प्लान
आरोपियों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के मुताबिक आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से ही सुनियोजित तरीके से साजिश रची थी. घटना से करीब तीन दिन पहले 3 अक्टूबर को मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत और दिनेश सारथी, सुनील सारथी के छातामुड़ा स्थित घर पहुंचे थे. जहां तीनों ने मिलकर अपहरण कर रकम ऐंठने की प्लान बनाई. इसके बाद 5 अक्टूबर की शाम तीनों आरोपी दिनेश सारथी के भाई की काले रंग की हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से ग्राम जकेला स्थित राइस मिल के पास पहुंचे. वहां उन्होंने प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता को सड़क किनारे अकेले बैठकर मोबाइल देखते हुए पाया.
आरोपियों ने अपनी योजना के मुताबिक अलग-अलग रास्तों से प्रोफेसर के पास पहुंचकर उन्हें घेर लिया और धक्का देकर गिराने के बाद पकड़ लिया. इसके बाद उन्हें डबरी के पीछे सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू की नोक पर डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी देकर उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM UPI एप की जानकारी हासिल कर ली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को मोटरसाइकिल से खरसिया क्षेत्र की तरफ ले गए. जहां कुछ देर रुकने के बाद उसे ग्राम पंडरीपानी, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में एक सुनसान मकान में बंधक बनाकर रखा. यहां भी आरोपी पीड़ित के मोबाइल से QR कोड के जरीयी अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर रकम अपने परिचित महिला के खाते में ट्रांसफर कराते रहे.
आरोपियों ने पीड़ित को लगातार धमकाकर परिजनों से सामान्य बातचीत भी कराई. ताकि किसी को अपहरण की जानकारी न हो सके. हालांकि, बातचीत के दौरान परिजनों को शक हो गया और वे तलाश करते हुए ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए. परिजनों और ग्रामीणों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी पीड़ित को छोड़कर मौके से फरार हो गए. घटना की खबर मिलते ही पुसौर पुलिस ने तकनीकी जानकारी, पूछताछ और लगातार दबिश के जरीए पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा आरोपियों की भूमिका, डिजिटल लेन-देन और जब्त सामग्री के बारे में आगे की जांच की जा रही है.
99,100 नकद, मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल जब्त
आरोपियों से कुल 99,100 नकद बरामद किया है. इसके अलावा आरोपी राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत से एक मोबाइल फोन, नरेंद्र उर्फ नंदू महंत से दो मोबाइल फोन, दिनेश सारथी से एक चाकू तथा उसकी निशानदेही पर ग्राम पंडरीपानी से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है. जब्त सामग्री को मामले में सबूत के रूप में लिया गया है. आरोपी सुनील सारथी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. जबकि बाकी तीन आरोपियों राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत, दिनेश सारथी और नरेंद्र उर्फ नंदू महंत को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किया गया. आरोपियों में राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत का क्रिमीनल रिकार्ड रहा है, वर्ष में आरोपी हत्या के अपराध में जेल गया था.
गिरफ्तार आरोपी
1. सुनील कुमार विशाल उर्फ सुनील सारथी पिता बरतराम विषाल उम्र 32 साल साकिन छातामुड़ा वार्ड नंबर 41 थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (छग)
2. राजेन्द्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत पिता समय लाल महंत उम्र 35 साल साकिन जकेला थाना पुसौर जिला
3. नरेन्द्र महंत उर्फ नंदू महंत पिता समय लाल महंत उम्र 34 साल साकिन जकेला थाना पुसौर जिला
4. दिनेश सारथी पिता पैतराम सारथी उम्र 34 साल साकिन औरदा थाना पुसौर जिला रायगढ़ छग
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb