SIR सर्वे करने निकली महिला BLO सुपरवाइजर की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, काम के दबाव का आरोप, कर्मचारियों में चिंता का माहौल
A female BLO supervisor, who had gone on a survey for SIR, fell ill and was hospitalized, alleging work pressure, causing anxiety among employees.
बिलासपुर : बिलासपुर समेत प्रदेश भर में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे का काम तेजी से चल रहा है. इसके चलते इस काम में लगे अधिकारी-कर्मचारियों पर काम का दबाव भी बढ़ गया है. 30 नवंबर रविवार अवकाश के दिन भी BLO स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए. इस दौरान तारबाहर स्कूल में एक महिला अधिकारी (सुपरवाइजर) बेहोश होकर गिर गईं. जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक महिला BLO सुपरवाइजर गीता कृष्ण अपनी ड्यूटी के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ीं. बताया जा रहा है कि उनके लगातार बढ़ते ब्लड प्रेशर के चलते यह हालत बनी. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें फौरन राहत देने के लिए पानी भी पिलाया और अपने तरीके से उन्हें सामान्य करने की हर संभव कोशिश की. लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर एक मतदाता ने उन्हें अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद में भर्ती कर लिया है.
परिजनों और सहकर्मियों का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा अत्यधिक दबाव डाला जा रहा था. जिससे महिला का स्वास्थ्य बिगड़ गया. चुनाव कार्य के चलते लंबी ड्यूटी, लगातार निरीक्षण और रिपोर्टिंग की मजबूरी के कारण वह मानसिक और शारीरिक तनाव झेल रही थी. बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से उन्हें आराम का मौका नहीं मिल पाया था.
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि उनका रक्तचाप काफी बढ़ा हुआ था. और समय पर इलाज मिलने से फिलहाल हालत में सुधार है. इस घटना के बाद चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के बीच नाराजगी और चिंता का माहौल है. कई कर्मचारी प्रशासन से कार्य प्रबंधन में सुधार और स्वास्थ्य सुरक्षा पर ध्यान देने की मांग कर रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



