पेंशन प्रकरण के नाम पर 50 हजार मांगने और धमकी देने का आरोप, दिवंगत शिक्षक परमानंद ध्रुव की विधवा ने जेडी रायपुर से लगाई इंसाफ की गुहार

Allegations of demanding 50,000 rupees and threats in the name of pension case, the widow of late teacher Parmanand Dhruv appealed to JD Raipur for justice.

पेंशन प्रकरण के नाम पर 50 हजार मांगने और धमकी देने का आरोप, दिवंगत शिक्षक परमानंद ध्रुव की विधवा ने जेडी रायपुर से लगाई इंसाफ की गुहार

गरियाबंद/फिंगेश्वर : सड़क हादसे में दिवंगत हुए शिक्षक परमानंद ध्रुव की विधवा द्वारा शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़िता ने संयुक्त संचालक (जेडी) शिक्षा रायपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके पेंशन प्रकरण को तैयार करने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार साहू एवं लिपिक मोहेश्वर मार्कण्डेय द्वारा ₹50 हजार की मांग की गई. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले एक साल से लगातार कार्यालयों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं.
पीड़िता के मुताबिक पति की सड़क हादसे में मौत के बाद वह अपने वैधानिक पेंशन और शासकीय लाभ लेने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं. लेकिन उनका मामला समय पर पूरा नहीं किया गया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद कार्यालय में शिकायत पत्र पेश किया, तब उन्हें कथित रूप से यह कहकर डराया-धमकाया गया कि  “तुमने उच्च कार्यालय में शिकायत की है. अब तुम्हारा काम उच्च कार्यालय से होकर आएगा. तब ही होगा.”
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस तरह की बातों से उन पर मानसिक दबाव बनाया गया और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया गया. उन्होंने जेडी रायपुर से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है.
एक तरफ़ जहां परिवार अपने सदस्य को खोने के दुख और आर्थिक संकट से गुजर रहा है. वहीं दूसरी तरफ अगर शासकीय लाभ पाने के लिए किसी पीड़ित को लंबे समय तक भटकना पड़े और कथित रूप से इस तरह के हालात का सामना करना पड़े तो यह प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद शिक्षा विभाग इस मामले की जांच किस स्तर पर करता है और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधितों पर क्या कार्रवाई होती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t