इवेंट ऑर्गनाइजर के फार्म हाउस ताला तोड़कर घुसे हथियारबंद नकाबपोश, अलमारी का लॉकर तोड़ा, CCTV कैमरे डैमेज किए, 7 लाख की ज्वेलरी-कैश लेकर फरार
Armed masked men broke into an event organiser's farmhouse, broke open a wardrobe locker, damaged CCTV cameras, and fled with jewellery and cash worth Rs 7 lakh.
बिलासपुर/चकरभाठा : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में इवेंट आर्गनाइजर के फार्म हाउस पर हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया. बदमाशों ने ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखे 1.50 लाख रुपए कैश और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 7 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया. यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी संगीता जैन ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस ग्राम लिमतरी में स्थित है. पति प्रमोद जैन की मौत के बाद वह शहर स्थित अपने निवास में रहती हैं और दिन में फार्म हाउस की देखरेख के लिए आती-जाती हैं. फार्म हाउस के अंदर बने मकान में परिवार का सामान रखा हुआ था.
उन्होंने बताया कि 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने फार्म हाउस में घुसे. आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद अलमारी को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान में सोने की अंगूठी, करीब दो तोला वजनी सोने की मूर्ति, चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी का लोटा,चांदी के सिक्के और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद शामिल हैं.
अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया. हालांकि, पूरी घटना डीवीआर में रिकॉर्ड हो गई. चोरी का फुटेज भी सामने आया है. जिसमें नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं.
खबर मिलते ही मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस को बनाया निशाना
बता दें कि इवेंट आर्गनाइजर संगीता जैन सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक स्थित ग्रीन पार्क के हर्ष आशियाना में रहती हैं. चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी में उनका जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस है, जहां कीमती सामान रखा हुआ था. पति प्रमोद जैन की मौत के बाद वह शहर में रहती हैं और हर दिन फार्म हाउस की देखरेख के लिए जाती हैं. शाम को वापस अपने घर लौट आती हैं. इसी दौरान बदमाशों ने फार्म हाउस को निशाना बनाकर चोरी की.
चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, आसपास के संदिग्धों और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. वहीं इस बड़ी वारदात ने ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



