बॉयफ्रेंड का खौफनाक कदम: जिस प्यार के लिए छोड़ा पति, उसी ने की पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश.. डायल 112 की तत्परता से पीड़िता पहुंची अस्पताल
Boyfriend's Horrific Act: The man for whom she left her husband tried to burn her alive by dousing her in petrol; prompt action by Dial 112 ensured the victim reached the hospital.
रायपुर : रायपुर जिला में माना थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया. गंभीर रूप से झुलसी गर्लफ्रेंड को पुलिस की मुस्तैदी के चलते समय पर अस्पताल पहुँचाया गया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस आरोपी बॉयफ्रेंड की सरगर्मी से तलाश कर रही है. यह मामला माना थाना क्षेत्र का है.
शादीशुदा जिंदगी छोड़ प्रेमी के पास आई थी महिला
मिली जानकारी के मुताबिक आरंग की रहने वाली पीड़ित महिला राजकुमारी साहू और आरंग के ही रहने वाले आरोपी बॉयफ्रेंड वीरु धीवर के बीच पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. अपने बॉयफ्रेंड के प्यार में अंधी होकर महिला ने अपने पति और हंसते-खेलते परिवार तक को छोड़ दिया था और आरोपी के साथ रहने लगी थी. लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिस शख्स के लिए उसने अपना घर-परिवार दांव पर लगा दिया. वही एक दिन उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा. आपसी विवाद के चलते आरोपी ने देर रात गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी.
डायल 112 की तत्परता ने बचाई जान
वारदात की खबर मिलते ही माना थाना क्षेत्र की डायल 112 टीम बिना एक पल गँवाए मौके पर पहुंची. गर्लफ्रेंड की नाजुक हालत को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय बिना समय गँवाए उसे अपनी ही गाड़ी से फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की वजह से गर्लफ्रेंड को समय पर इलाज मिल सका. हालांकि उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है.
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: 5 साल पहले गर्लफ्रेंड की सास पर किया था फावड़े से हमला
आरोपी वीरू धीवर का आपराधिक इतिहास बेहद खतरनाक रहा है. वह पहले से ही हिंसक प्रवृत्ति का इंसान है. करीब 5 साल पहले भी इसी प्रेम प्रसंग के विवाद में आरोपी बॉयफ्रेंड वीरु ने अपनी गर्लफ्रेंड की सास पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया था. उस मामले में भी आरोपी के खिलाफ आरंग थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत जुर्म दर्ज किया गया था.
पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी
वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी वीरु धीवर फरार है. माना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरु कर दिया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



