छत्तीसगढ़ी गाने की फरमाइश को लेकर बार में बवाल, ग्राहक और वेटर ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और बैट-बल्ले से किया वार, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज
Commotion erupts at a bar over a request for a Chhattisgarhi song; a customer and a waiter exchange kicks, punches, and blows with a bat—FIRs registered against both parties.
रायपुर : रायपुर के आश्रम तिराहे के जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना नहीं बजाने की बात पर विवाद हो गया. इस मामले में बार कर्मचारी और ग्राहक दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है. दोनों FIR में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. यह मामला आजाद चौक थाना इलाके का है.
FIR के मुताबिक 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे ग्राहक योगेश चिचोलकर उम्र 32 साल अपने साथी तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में शराब पीने गया था. छत्तीसगढ़ी गाना नहीं बजाने की बात पर विवाद हुआ. इसके बाद बार कर्मचारी दीपक मिश्रा, बबलू सिंह और उनके साथियों ने गाली-गलौज की. विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से मारपीट की गई. योगेश ने चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोट लगने की बात कही है. उसके दोनों साथियों को भी चोट आने का आरोप है.
वेटर ने ग्राहकों पर लगाया मारपीट का आरोप
बार के वेटर दीपक मिश्रा उम्र 20 साल ने शिकायत की है कि योगेश, तरुण दास और घनश्याम छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की जिद कर रहे थे. मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी.
दीपक के मुताबिक, विरोध करने पर ग्राहकों ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की. जिससे उसके चेहरे पर चोट आई. बार मैनेजर उदय सिंह, वेटर बबलू सिंह और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया.
दोनों पक्षों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है. FIR के मुताबिक ग्राहक की शिकायत पर 26 अक्टूबर को रात 2:41 बजे और बार कर्मचारी की शिकायत पर रात 3:13 बजे केस दर्ज किया गया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



