हाईवे पर कर्मचारी से लूटपाट, बेरहमी से पिटाई, मोबाइल-पैसे छीने, PhonePe से कराया रकम ट्रांसफर, अधमरा समझकर छोड़ भागे बदमाश

Employee robbed on highway, brutally beaten, mobile phone and money snatched, money transferred via PhonePe, criminals abandon him thinking he was dead and flee

हाईवे पर कर्मचारी से लूटपाट, बेरहमी से पिटाई, मोबाइल-पैसे छीने, PhonePe से कराया रकम ट्रांसफर, अधमरा समझकर छोड़ भागे बदमाश

कोरबा : कोरबा जिले में बिलासपुर-उरगा भारतमाला हाईवे पर शनिवार शाम बड़ा वारदात हुई. सुनसान सड़क पर पहले से छिपकर बैठे बदमाशों ने एक युवक को रोककर न केवल उससे मोबाइल और नगदी लूट लिया. बल्कि PhonePe के जरिए जबरन रकम ट्रांसफर भी कराया. लुटेरों ने युवक को लाठी, डंडे और बेल्ट से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा. उसे मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक 23 नवंबर की शाम करीब 6 बजे एलआईपीएल कंपनी में कार्यरत पीड़ित प्रितेश मिर्झा उम्र 28 साल  मोतीसागर पारा निवासी, पंतोरा से घर लौट रहा था. तभी तरदा के पास हाईवे पर 5–6 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया. बदमाशों ने पहले रुपए मांगे. प्रितेश ने पैसे न होने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हाथ, मुक्के, लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला कर दिया.
डर के कारण युवक ने अपने पास मौजूद नगदी रकम दे दिया और आरोपियों के कहने पर फोन पे के जरिए से भी रकम ट्रांसफर कर दिया. इसके बाद बदमाशों ने उसके कान से सोने की बाली भी नोच ली. लेकिन लुटेरों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी. सामान छीनने के बाद भी उन्होंने प्रितेश को बेरहमी से पीटना जारी रखा. जिससे वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा. पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसे मृत समझकर वहां से भाग निकले.
करीब आधे घंटे बाद प्रितेश को होश आया. किसी तरह संभलकर वह पास के टोल प्लाजा पहुंचा और सुरक्षा कर्मियों को घटना की जानकारी दी. टोल कर्मियों ने उसके परिजनों से संपर्क कराया. हालत नाजुक होने पर परिजन उसे फौरन मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए. जहां उसका इलाज जारी है. युवक के सिर, हाथ, पीठ और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें पाई गई हैं.
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है. पुलिस हाईवे पर हुई लूट और हमले की जांच में जुट गई है. आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकेबंदी और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है.
यह वारदात हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर करती है. जहां बदमाशों का गिरोह पहले से बैठकर राहगीरों को निशाना बना रहा था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t