टोल प्लाजा ठेकेदार विनोद जैन के खिलाफ भूतपूर्व सैनिक का आमरण अनशन शुरु, 3 करोड़ की ठगी का लगाया आरोप, डिप्टी सीएम को लिखा पत्र
Ex-serviceman begins hunger strike against toll plaza contractor Vinod Jain, alleges fraud of Rs 3 crore, writes to Deputy CM
कोरबा : पूर्व सैनिक और कारगिल युद्ध में शामिल प्रेमचंद पाण्डेय से एनएचएआई के ठेकेदार विनोद जैन ने 3 करोड़ की ठगी कर ली. पाण्डेय को टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर घोखा दिया गया. उन्होंने एनएचएआई कार्यालय के सामने अनशन शुरु कर दिया है. पांडे की मांग है कि जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
मिली जानकारी के मुताबिक सुभाष ब्लॉक से घंटाघर जाने वाले मार्ग पर विप्र वाटिका के नजदीक नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रेमचंद पाण्डेय ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर अनशन शुरु कर दिया है. आरोप है कि ठेकेदार और अधिकारियों के रवैय्ये से तंग आकर उन्हें यह सब करना पड़ा. पाण्डेय ने बताया कि जशपुर जिले को झारखंड से जोड़ने वाले लोदाम सहित कई राज्यों के टोल प्लाजा में रकम निवेश करने के लिए उन्हें विनोद जैन को 3 करोड़ रुपए नगद और चेक से दिए थे.
इस मामले में पूर्व सैनिक प्रेमचंद ने बताया कि बाद में विनोद जैन ने उसे पार्टनर नहीं बनाया और धोखा दिया. अब वह उसकी रकम वापस नहीं कर रहा है. पुलिस और नेशनल हाईवे अथॉरिटी इस मामले में मौन है. डेढ़ दशक सेना को देने वाले प्रेमचंद पाण्डेय ने बताया कि एनएचएआई के हर टोल प्लाजा में व्यापक मनमानी और भ्रष्टाचार है. कर्मचारियों के शोषण के साथ कई गैर कानूनी काम हो रहे हैं. इसकी जानकारी एनएचएआई के अधिकारियों को है और वे मौन हैं.
प्रेमचंद के इस मामले में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा और नेशनल हाईवे के अधिकारी को पत्र लिखकर ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा है.
ननकीराम कंवर, पूर्व गृहमंत्री, छत्तीसगढ़
हमने जिला प्रशासन से कहा है कि इस मामले की शिकायत दर्ज करें. मेरे कहने के बाद भी अब तक शिकायत तक दर्ज नहीं की गई है. अगर इस तरह से किसी के साथ धोखाधड़ी होगी तो कैसे प्रदेश में सब कुछ ठीक ठाक होगा. इनको इंसाफ मिलना चाहिए. इनके धरना प्रदर्शन को हमारा नैतिक समर्थन है.
ननकी राम कंवर शुक्रवार को धरना स्थल पर भी पहुंचे थे और भूतपूर्व सैनिक को समर्थन दिया था. ननकी ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि इस मामले में धांधली हुई है. व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है. सरकार को संज्ञान लेना चाहिए और इस तरह के गलत कार्यों पर लगाम कसना चाहिए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



