यूनिवर्सिटी में होली सेलिब्रेशन के दौरान मारपीट, ABVP ने किया आयोजन, छात्रों ने चलाए एक दूसरे पर लात घुसे!, पुलिस को शिकायत का इंतजार!
Fight breaks out during Holi celebrations at university, organised by ABVP; students kick and punch each other; police await complaint
बिलासपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई द्वारा सेंट्रेल यूनिवर्सिटी में आयोजित होली मिलन समारोह में जमकर बवाल हो गया. मामूली विवाद में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है. गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम उस समय विवाद में बदल गया. जब छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की घटना सामने आई. घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय परिसर में होली पर्व को लेकर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था. चूंकि हॉस्टल में रहने वाले कई छात्र आगामी छुट्टियों में अपने घर जाने वाले हैं. इसलिए पहले ही सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था. इस कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र स्टेज पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे. जिस पर दूसरे गुट के छात्रों ने आपत्ति जताई. स्टेज पर जाने को लेकर शुरु हुआ विवाद जल्द ही बहस में बदल गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई.
25 फरवरी को बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में माहौल पूरी तरह रंगीन था. ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) द्वारा आयोजित ‘रंगोत्सव’ में छात्र डीजे की धुन पर थिरक रहे थे. हवा में अबीर था और चेहरे पर मुस्कान, लेकिन यह खुशनुमा माहौल ज्यादा देर टिक न सका.
कहते हैं कि मंच (Stage) सबको प्यारा होता है. और यही चाहत इस मारपीट की जड़ बनी. कुछ छात्र जबरन स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. दूसरे गुट ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की. तो बात ‘तू-तू मैं-मैं’ से बढ़कर ‘जूतम-पैजार’ तक पहुंच गई. जो हाथ एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे. वो अचानक कॉलर पकड़ने और मुक्के बरसाने में जुट गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे के कपड़े खींचते और धूल चटाते साफ नजर आ रहे हैं.
मौके पर मौजूद अन्य छात्रों एवं आयोजकों ने बीच-बचाव कर हालात को शांत कराया. घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरु कर दी है. बताया जा रहा है कि संबंधित छात्रों की पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी के गंभीर रुप से घायल होने की खबर नहीं है.
वही इस मामले में कोनी पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है. इसलिए अभी तक मामला दर्ज नहीं हो पाया है और यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



