अभनपुर में युवक से मारपीट के बाद इनोवा से कुचलकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
In Abhanpur, a youth was beaten to death by an Innova car; police arrested five accused, and a search is on for two others.
रायपुर : अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में 15 जनवरी 2026 को हुए सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. यह मामला रोडरेज से शुरु होकर युवक की नृशंस हत्या में तब्दील हो गया. जिसमें आरोपियों ने इनोवा कार से कुचलकर युवक की जान ले ली.
मिली जानकारी के मुताबिक 15 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे मोनफोर्ट स्कूल के पास एनएच-30 के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की खबर मिली. इस खबर पर थाना अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की गई. मौके पर शव की पहचान ग्राम केंद्री निवासी कैलाश तिवारी के रुप में हुई. मृतक के भाई कौशल तिवारी की रिपोर्ट पर बिना नंबरी मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं मर्ग जांच की कार्रवाई की गई.
थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 103 (1), 296, 115 (2), 191 (2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया. जांच में सामने आया कि कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा का पेट्रोल खत्म हो जाने की वजह से वाहन को धक्का देकर पेट्रोल पंप की तरफ ले जा रहा था. इसी दौरान अभनपुर की तरफ NH30 पर रॉन्ग साइड से आ रही इनोवा कार ने एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद जब कैलाश और उसके दोस्तों ने वाहन चालक को ठीक से गाड़ी चलाने की बात कही. तो कार सवार कुछ दूरी पर वाहन रोककर नीचे उतरे और गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्का व ठोस वस्तुओं से मारपीट शुरु कर दी.
मारपीट के दौरान कैलाश के साथ मौजूद अजय नामक युवक ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया। जिससे कार सवार लोग वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद दो-तीन अन्य लोग मौके पर पहुंचे और फिर से गाली-गलौच व मारपीट शुरु हो गई. इस दौरान हेमंत साहू के सिर और हाथ में चोट आई. जान बचाने के प्रयास में कैलाश और उसके साथियों ने फिर चाकू से हमला किया. जिससे कुछ लोगों को चोटें आईं.
इसके बाद सभी आरोपी अपनी कार में बैठकर भागने लगे. तभी कैलाश तिवारी ने कार के सामने आकर वाहन रोकने का प्रयास किया. इसी समय इनोवा कार चालक डिलेश मंडावी ने अपने साथियों लिलेश सेन, चंदन यादव, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू, मनीष साहू और रितेश उर्फ रिंकू साहू के साथ मिलकर हत्या की नीयत से कार को कैलाश के ऊपर चढ़ा दिया. कार की चपेट में आने से कैलाश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरु की गई. जांच के दौरान आरोपी डिलेश मंडावी, लिलेश सेन, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू और मनीष साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जुर्म करना कबूल किया.
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार नम्बर CG04 NF 8602 को आरोपी डिलेश मंडावी से गवाहों के सामने जब्त किया. पुख्ता सबूत मिलने पर पांचों आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. मामले में दो आरोपी चंदन यादव और रितेश उर्फ रिंकू साहू की गिरफ्तारी अभी बाकी है. जिनकी तलाश जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



