शराब के नशे में इनोवा बन गई सरकारी गाड़ी, पुलिस ने उतारा VIP का भूत, सायरन बजाते घूम रहा हुटर वाला हीरो जयकांत गिरफ्तार
Innova car became a government car under the influence of alcohol, police exorcised the ghost of VIP, hero Jaykant who was roaming around honking siren was arrested
गरियाबंद/ फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले में ग्राम पाली (फिंगेश्वर) में पुलिस ने शराब सेवन कर बस्ती के अंदर सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार से इनोवा चलाने वाले एक युवक को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए वाहन को जब्त कर अदालत में पेश किया है.
फिंगेश्वर गांव की सड़कों पर एक युवक ने खुद को फिल्मी पुलिस अफसर समझ लिया. शराब के नशे में धुत्त इनोवा चालक जयकांत बांधे (निवासी बलौदाबाजार) ने अपनी गाड़ी को सायरन-हुटर से लैस कर दिया. नतीजा ये हुआ कि बस्ती वालों ने समझा शायद कोई बड़ी वीआईपी रैली निकल रही है.
इस दौरान वह तेज रफ्तार से सायरन-हूटर बजाकर स्थानीय लोगों में दहशत फैला रहा था. लेकिन असली हीरो बनकर आए गरियाबंद पुलिस वाले.. उन्होंने फिल्मी सीन की तरह गाड़ी रोककर शराबी चालक का पर्दाफाश कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक 23 अगस्त को ग्राम पाली फिंगेश्वर में बस्ती के अंदर इनोवा नम्बर CG04 SB 8164 तेज रफ्तार और सायरन बजाते हुए दौड़ रही थी. पुलिस जांच में पता चला कि चालक शराब के नशे में धुत्त था और गाड़ी को सरकारी VIP स्टाइल में चला रहा था. इस नकली वीआईपी शो पर फौरन ब्रेक लगाते हुए पुलिस ने इनोवा जब्त कर दी और चालक जयकांत बांधे उम्र 25 साल निवासी ग्राम परसवानी, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119(3) और 185 के तहत कार्रवाई की गई.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन कर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है. बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा है. इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



