प्रशासन पर रेत माफिया भारी, जांच प्रतिवेदन बनाने गए हल्का पटवारी और पत्रकारों पर जानलेवा हमला, पटवारी ने भागकर बचाई जान
Sand mafia overpowers the administration, deadly attack on the local Patwari and journalists who went to prepare the investigation report, Patwari saved his life by running away
बालोद : छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा. बलरामपुर के बाद अब बालोद जिले में रेत माफियाओं ने अपनी दहशत दिखाई. यहां राजस्व विभाग की टीम के सामने ही माफिया के गुर्गों ने एक पत्रकार पर रॉड से हमला किया और हाईवा से कुचलने की कोशिश की. इस खौफनाक वारदात में पटवारी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. जबकि घायल पत्रकार को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
प्रदेश मे अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे किसी को भी चाहे वे शासकीय अधिकारी, कर्मचारी हो या पत्रकार उनके साथ दबंगई पूर्वक अपहरण, हत्या, मारपीट जैसे कृत्यों पर आमदा हैं. जिसे कंट्रोल करने में शासन प्रशासन नाकाम साबित हो रहे हैं. प्रदेश में लगातार देखने को मिल रहा है कि अवैध कारोबार एवं भ्रष्टाचार इतना हावी हो चुका है कि कम समय में अनैतिक तरीके से रुपया कमाकर अरबपति बनने के लिए चाहे नेता हो चाहे गुंडा किसी भी स्तर तक गिरने पर उतारु होते नजर आ रहे हैं.
मामला चाहे बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्रकार का निर्मम हत्या हो, या बलरामपुर के बनवाल थाना क्षेत्र के पुलिस आरक्षक शिवबचन सिंह को रेत तस्करों के द्वारा वाहन से रौंदने का मामला हो, प्रदेश में ऐसे अनगिनत मामले हैं जहां पर पत्रकार इन माफियाओं के द्वारा प्रताड़ित हो रहे हैं और कुचले जा रहे हैं. लेकिन शासन-प्रशासन इन आपराधिक कृत्यों को रोक नहीं पा रहा है.
इसी तरह बालोद जिले के ग्राम मरकाटोला स्थित देवकी बाई ठाकुर के फार्म हाउस में अवैध तरीके से चोरी कर रखे रेत भंडारण की जांच बाबत अनुविभागीय अधिकारी गुरुर राम कुमार सोनकर के निर्देश पर हल्का पटवारी डोमेंद्र नेताम 13 मई 2025 को गया था. मामले की जानकारी होने पर मामले को कवरेज करने और खबर बनाने अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति जिला बालोद के जिला अध्यक्ष, अमृत संदेश अखबार के संवाददाता कृष्णा गंजीर और पत्रकार अमित मंडावी भी पहुंचे थे.
जहां पर भंडारित रेत की फोटो वीडियो बनाने और उक्त रेत की आवक पर्ची पूछे जाने से बौखलाए रेत तस्कर ओमू उर्फ उमेश्वर कुमार साहू पिता गौकरण साहू ने पटवारी डोमेंद्र नेताम और पत्रकारों को हाईवा वाहन से रौंदने की कोशिश किया. पटवारी और पत्रकारों ने दौड़कर अपनी जान बचाया. अपने इरादों में नाकाम रेत चोर (तस्कर) एवं उनके गुंडों ने पत्रकार कृष्णा गंजीर पर लोहे की पाइप और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या करने की नापाक कोशिश किया और फिर हाईवा से रौंदने का प्रयास किया.
घायल पत्रकार किसी तरह जख्मी हालात में भाग कर अपना जान बचाया और राहगीरों के मदद से थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराया है. जहां पर पुरुर पुलिस भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2),191(2), 191(3), 190, 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने पटवारी और पत्रकारों को कुचलने के लिए इस्तेमाल किए गए हाईवा और मारपीट में इस्तेमाल किए गए लोहे की पाइप एवं डंडों को जप्त किया है.और 8 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है. दो आरोपी ओमू साहू और रविकांत साहू फरार है. जिसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा पुलिस प्रशासन ने किया है.
बता दें कि ग्राम मरकाटोला स्थित देवकी बाई ठाकुर के फार्म हाउस में ओमू उर्फ उमेश्वर कुमार अड़ील पिता गौकरण साहू निवासी ग्राम चूल्हापथरा तहसील गुरुर जिला बालोद ने अपने नाम पर रेत भंडारण बाबत अनुमति ले रखा है और रेत भंडारण केन्द्र मरकाटोला से गंतव्य तक रेत परिवहन करने के लिए जिला बालोद खनिज शाखा से रॉयल्टी बुक भी ले रखा है. लेकिन रेत भंडारण केन्द्र में भंडारित करीब बाइस–तेईस हजार घन मीटर रेत किस नदी से कब और किस नंबर की रॉयल्टी पर्ची से आवक हुआ है इसकी कोई वैध दस्तावेज नहीं है. इसी मामले की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी गुरुर के निर्देश पर हल्का पटवारी डोमेंद्र नेताम जांच प्रतिवेदन तैयार करने भंडारण केन्द्र मरकाटोला गया हुआ था. जहां पर माफिया एवं उनके गुंडों ने वारदात को अंजाम दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



