महासमुंद में 1 लाख की रिश्वत लेते सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर रंगे हाथों गिरफ्तार, सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाने के बदले मांगी रकम, ACB ने किया ट्रैप

Sarpanch Devendra Chandrakar arrested red-handed while taking a bribe of Rs 1 lakh in Mahasamund, demanded money in exchange for not removing encroachment from government land, ACB trapped him.

महासमुंद में 1 लाख की रिश्वत लेते सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर रंगे हाथों गिरफ्तार, सरकारी जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाने के बदले मांगी रकम, ACB ने किया ट्रैप

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक सरपंच को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. ग्राम पंचायत बेमचा के सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर को एनओसी जारी करने के नाम पर 1 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया. आरोपी ने कुल 4 लाख रुपये की मांग की थी. जिसमें से वह पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सूरज राम रात्रे, निवासी महासमुंद ने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी के नाम पर ग्राम बेमचा के इन्द्रा कॉलोनी में आबादी जमीन है. जहां निर्माण कार्य के लिए पूर्व सरपंच द्वारा एनओसी जारी किया गया था. लेकिन वर्तमान सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर ने उस अनुमति को निरस्त कर दिया और दोबारा एनओसी जारी करने के लिए 4 लाख रुपये की मांग करने लगा.
प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने का फैसला कर लिया. एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया. जिसमें आरोप सही पाए गए. जांच के दौरान आरोपी ने मोलभाव कर कुल 3.80 लाख रुपये में सौदा तय किया और उसमें से 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए थे. इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की.
16 अप्रैल 2026 को प्रार्थी को आरोपी को अगली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये देने भेजा गया. जैसे ही सरपंच ने रिश्वत की रकम ली. पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t