नौकर ने किया दोबारा चोरी, एक बार माफ करने के बाद मालिक के घर से उड़ाए 10 हजार रुपए, आरोपी इंद्रजीत गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
Servant steals again, steals 10,000 rupees from owner's house after being forgiven once; accused Indrajit arrested and sent to jail
दुर्ग : भिलाई के प्रगति नगर, रिसाली निवासी मुकेश सराफ के घर से उनके ही नौकर इंद्रजीत महतो ने अलमारी के लॉकर से 10 हजार रुपए नगद चुरा लिए. लॉकर में 45 हजार रुपए रखे थे. उसमें से 10 हजार रुपए नौकर ने निकाले और बाकी पैसा छोड़ दिया. इसके अलावा घर के अन्य सामान की चोरी करने के बाद उसे कबाड़ी में बेच देता था. यह मामला नेवई थाना क्षेत्र का है.
शिकायतकर्ता मुकेश सराफ उम्र 55 साल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने अपने घर की अलमारी के लाकर में 45,000 रुपए रखे थे और काम से बाहर चले गए। दोपहर में जब उनकी पत्नी अरुणा सराफ ने अलमारी खोली तो देखा कि लाकर में सिर्फ 35,000 रुपए ही बचे हैं. 10,000 रुपए नगद गायब थे.
पत्नी ने फौरन मुकेश सराफ को कॉल कर जानकारी दी. जब घर में पूछताछ की गई तो किसी को भी पैसों के बारे में कुछ पता नहीं था. तब मुकेश ने शक हुआ कि चोरी उनके नौकर इंद्रजीत महतो ने की है. बताया जा रहा है कि आरोपी नौकर पहले भी घर में कई बार चोरी कर चुका है. लेकिन मालिक ने भूल समझ कर माफ कर दिया था. चोरी के मामले की शिकायत थाने में नहीं की थी. लेकिन इस बार जब घर से 10 हजार रुपए चोरी होने की जानकारी मिली तो मालिक को शक सीधा नौकर इंद्रजीत पर गया.
शिकायतकर्ता की शिकायत पर नेवई पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत महतो उम्र 30 साल को तलब किया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल किया. आरोपी ने बताया कि उसने अलमारी से 10,000 रुपए चोरी किए थे. जिनमें से 9,000 रुपए खर्च कर चुका है और 1,000 रुपए अब भी उसके पास है. इतना ही नहीं उसने यह भी बताया कि उसने मालिक की दुकान से कुछ पार्ट्स भी चोरी कर कबाड़ी के पास बेच दिए थे. पुलिस ने आरोपी के पास से बचा हुए 1,000 रुपए की रकम बरामद की और दुकान से चोरी किए गए कुछ पार्ट्स की जानकारी जुटाई. आरोपी को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
यह घटना फिर एक बार इस बात की चेतावनी देती है कि घरेलू नौकरों की पृष्ठभूमि जांच और निगरानी जरूरी है, ताकि इस तरह की वारदातों को रोका जा सके.
गिरफ्तार आरोपी
इन्द्रजीत महतो उम्र 30 साल निवासी पुरानी बस्ती सुपेला
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



