मोटरसाइकिल में लिफ्ट लेना पड़ा महंगा, उड़ा दिया एक लाख, पुलिस ने आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर भेजा जेल, रकम बरामद, बाइक जप्त
Taking a lift on a motorcycle proved costly, he was fleeced for Rs 1 lakh. Police arrested the accused Shankar and sent him to jail, recovered the money and confiscated the bike.
रायपुर : दोपहिया वाहन में लिफ्ट देकर भरोसे में लेकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी शंकर देवांगन उम्र 30 साल निवासी झंडा चौक, न्यू चंगोराभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर को डी.डी. नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने राह चलते एक व्यक्ति को लिफ्ट देकर उसके थैले में रखी नकदी समेत जरुरी दस्तावेज चोरी कर लिए थे. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी राजाराम देवांगन ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जनवरी 2026 को वह करन नगर स्थित अपनी भांजी के घर से पैदल रायपुरा जा रहा था. इसी दौरान उसने एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से लिफ्ट मांगी। रास्ते में चंगोराभाठा क्षेत्र में डॉ. नीरज क्लीनिक के पीछे स्थित एक किराना दुकान पर मोटरसाइकिल सवार ने वाहन रोका और गुटखा खरीदने के बहाने राजाराम को दुकान भेज दिया.
आरोपी ने प्रार्थी से कहा कि वह उसका थैला बाइक पर रख दे और दुकानदार को पैसा दे आए. जैसे ही प्रार्थी दुकान की तरफ गया. आरोपी थैले में रखी एक लाख रुपए नकद, जमीन संबंधी दस्तावेज, अस्पताल के कागजात व दवाइयों के साथ मौके से फरार हो गया. इस पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 34/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरु की. सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दोपहिया वाहन की जानकारी जुटाने के दौरान पुलिस को डी.डी. नगर निवासी शंकर देवांगन की संलिप्तता की जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की,.जिसमें आरोपी ने चोरी का जुर्म करना कबूल कर लिया.
पुलिस ने आरोपी शंकर देवांगन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है. जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई जा रही है. आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



