बॉयफ्रेंड बोलता- बेवफा तेरा किसी दूसरे के साथ अफेयर है, नाबालिग गर्लफ्रेंड की पेड़ पर लटकती मिली लाश, आरोपी प्रेमी दिलराज गिरफ्तार
The boyfriend said, "You're unfaithful, you're having an affair with someone else." The body of his minor girlfriend was found hanging from a tree. The accused, Dilraj, was arrested.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. जहां प्रेमी की लगातार प्रताड़ना और चरित्र पर शक करने से तंग आकर एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. युवती की लाश पेड़ पर लटकी हुई मिली. जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. इस मामले में पुलिस ने करीब एक महीने बाद आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला कोरबी चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक नाबालिग मृतका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था. आरोपी युवक अक्सर लड़की के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था. लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया और परिजनों ने आरोपी युवक पर गंभीर आरोप लगाए.
घटना के बाद से ही आरोपी फरार था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरु की और परिजनों के बयान दर्ज किए. जांच में यह साफ हुआ कि आरोपी युवक द्वारा लड़की को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. जिससे वह मानसिक तनाव में थी. सबूतों और बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का जुर्म दर्ज किया.
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. मुखबिरों की खबर और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार करीब एक महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलराज मरकाम उम्र 20 साल के रुप में हुई है. जो कोरबी चौकी क्षेत्र के पाली गांव का निवासी है.
इस बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले में सभी तथ्यों की गहन जांच की गई है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील किया कि किसी भी तरह की मानसिक प्रताड़ना या घरेलू और व्यक्तिगत विवाद को गंभीरता से लें और समय रहते इसकी खबर पुलिस या संबंधित संस्थाओं को दें. ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके. यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि रिश्तों में अविश्वास और मानसिक हिंसा किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



