जनपद कार्यालय में उपाध्यक्ष के सामने दिनदहाड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने चलाई गोलियां, दो गंभीर, मचा हड़कंप, सुपारी किलिंग की आशंका
Three masked assailants opened fire in broad daylight in front of the District Panchayat Vice President, injuring two, sparking panic and suspicion of a contract killing.
बिलासपुर : बिलासपुर जिला के मस्तूरी में मंगलवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस में चार नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. शाम करीब 5:45 बजे बस स्टैंड के पास स्थित नितेश सिंह के कार्यालय में यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई. जिसमें दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. सनसनीखेज गोलीकांड का CCTV फूटेज सामने आने के बाद पुलिस की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम नितेश सिंह, तमेश सिंह, टुकेश सिंह, फेकू सिंह, बबला सिंह, संतोष राठौर, प्रमोद शर्मा और कल्लू यादव के साथ जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर बैठे हुए थे. तभी जोन्धरा चौक (पुलिस थाना) तरफ से अचानक 2 बाइक में सवार चार अज्ञात नकाबपोश जो गमछे में अपने चेहरे को छुपाए हुए थे. आरोपी वहां पहुंचे.
बताया जा रहा है कि दोनों बाईकों में सवार 4 आरोपियों में पीछे बैठे वाले आरोपियों ने ऑफिस के बाहर पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी. चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं. अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
इस बीच सभी आरोपी मौके से बिलासपुर की तरफ अपनी बाइक से भाग निकले. वही गोलीबारी में चंद्रकांत सिंह के हाथ में और किरारी निवासी राजू सिंह के पैर में गोली लग गई. दोनों लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े.
वारदात के फौरन बाद मौजूद लोगों ने राजू ठाकुर और चंद्रकांत ठाकुर को मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया. जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है. वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मस्तूरी थाना पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. इलाके में फौरन नाकेबंदी कर दी गई और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरु किया गया. वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से खोखे और अन्य सबूत इकट्ठे किए हैं.
पुलिस फिलहाल इस हमले को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी साफ नहीं कहा गया है. वारदात की खबर मिलते ही एएसपी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची.
आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित रास्तों पर चेकिंग जारी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि फायरिंग इतनी तीव्र थी कि पूरे आसपास में भगदड़ मच गई. दुकानदारों ने फौरन अपने शटर गिरा दिए. आसपास के लोग दहशत में आ गए. वही पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं. अधिकारी इसे पूर्व नियोजित हमला मान रहे हैं.
इस घटना ने न सिर्फ मस्तूरी बल्कि पूरे जिले में सनसनी फैला दी है. लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात आखिर कैसे हो गई. बिलासपुर में मस्तूरी गोलीकांड की यह वारदात कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है. और क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है.
जानकारी मिल रही है कि पूरा मामला घरेलू संपत्ति से जुड़ा हुआ है. शूटर्स अन्य राज्य के बताये जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि मस्तूरी का यह इलाका पहले से ही अपराध के लिए कुख्यात रहा है, जहां इस तरह की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं. फ़िलहाल पूरे इलाके में नाकेबंदी और तलाशी अभियान जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



