राखड़ ईंट फैक्ट्री में हादसा, मशीन में दबकर महिला मजदूर की मौत, गुस्साए मजदूरों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, 4 घंटे बाद मुआवजे पर बनी सहमति

Accident at a brick factory: A female worker dies after being crushed by a machine. Angry workers protest with the body, and a compensation agreement is reached after four hours.

राखड़ ईंट फैक्ट्री में हादसा, मशीन में दबकर महिला मजदूर की मौत, गुस्साए मजदूरों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, 4 घंटे बाद मुआवजे पर बनी सहमति

कोरबा : कोरबा में सोमवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया. मशीन की सफाई के दौरान एक महिला मजदूर की मशीन में दबने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मजदूरों ने शव उठाने से इंकार कर दिया और उचित मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री में चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया.
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच फैक्ट्री में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे. मृतका भी लंबे समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थी. मशीन चालू हालत में साफ करते समय अचानक लीवर नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई. मशीन में दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतका के पति और एक नाबालिग बेटा अयांश है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पूरे गोढ़ी गांव में मातम का माहौल है. हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव उठाने से मना कर दिया. मांग थी कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और नाबालिग बेटे के भविष्य की गारंटी दी जाए. खबर पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन ग्रामीण नहीं माने. मामला बढ़ता देख रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत को हस्तक्षेप करना पड़ा.
मुआवजे की मांग को लेकर 4 घंटे तक चला प्रदर्शन
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच बातचीत हुई. इसमें तय हुआ कि तात्कालिक सहायता के तौर पर 75 हजार रुपये नगद दिए जाएंगे. साथ ही दो लाख रुपये मृतका के बेटे अयांश के नाम पर एफडी कराए जाएंगे. इसके अलावा 18 साल की उम्र तक बेटे को हिना 1500 रुपये भरण-पोषण के लिए और बालिग होने पर फैक्ट्री में नौकरी देने पर सहमति बनी. इसके बाद ग्रामीणों ने शव उठाने दिया.
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जांच का दिया आश्वासन
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मर्ग कायम कर लिया गया है. फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. लापरवाही पाए जाने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस हादसे ने फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. चालू मशीन की सफाई करना और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराना बड़ी लापरवाही मानी जा रही है. श्रम विभाग भी मामले की जांच करेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t