कोरोना के बाद आया नया खतरा!, इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी, यात्रियों की जांच जरुरी, एडवाइजरी जारी
After COVID-19, a new threat has emerged! Chhattisgarh is on alert for the Ebola virus. Surveillance has been increased at Raipur Airport, passenger screening is mandatory, and an advisory has been issued.
रायपुर : दुनिया भर में तेजी से फैल रहे इबोला संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है. संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की तरफ़ से इबोला संक्रमण की रोकथाम को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं. एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच, संदिग्ध मामलों की पहचान और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है.
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अंतर्गत एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) की तरफ से जारी पत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर को एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं. जारी निर्देशों में कहा गया है कि एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था का समन्वय सुनिश्चित किया जाए. साथ ही किसी भी संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर फौरन संबंधित स्वास्थ्य विभाग को खबर देने के निर्देश दिए गए हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन, रेफरल और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था को भी पूरी तरह तैयार रखने कहा है. ताकि किसी भी संभावित स्थिति से फौरन निपटा जा सके.
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है. लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरुरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. ताकि संक्रमण के खतरे को समय रहते रोका जा सके.
कितना खतरनाक है इबोला वायरस?
इबोला वायरस को दुनिया की सबसे घातक बीमारियों में गिना जाता है. यह संक्रमण सबसे पहले जंगली जानवरों, खासकर चमगादड़ों और कुछ प्रजाति के बंदरों से इंसानों में फैलता है. इसके बाद संक्रमित व्यक्ति के खून, पसीने, शरीर के तरल पदार्थ या उसके इस्तेमाल की वस्तुओं के संपर्क में आने से यह बीमारी दूसरे लोगों तक पहुंच सकती है.
इस बीमारी के लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी, दस्त और शरीर के अंदर व बाहर रक्तस्राव शामिल हो सकते हैं. कई मामलों में यह संक्रमण जानलेवा साबित होता है.
पहले भी मचा चुका है भारी तबाही
इबोला वायरस ने साल 2014 से 2016 के बीच दुनिया में भारी तबाही मचाई थी. उस दौरान पश्चिम अफ्रीका के कई देशों में यह संक्रमण तेजी से फैला था.
आंकड़ों के मुताबिक उस महामारी में 11 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. जबकि 28 हजार से ज्यादा संदिग्ध मामले सामने आए थे. उस दौर को दुनिया के सबसे खतरनाक स्वास्थ्य संकटों में से एक माना जाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



