धार्मिक आस्था पर हमला, शीतला मंदिर में ताला तोड़कर चोरी, मूर्ति खंडित कर सोना-चांदी, नगदी और छत्र लेकर फरार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Attack on religious faith: Breaking the lock of the Shitla temple, stealing, breaking the idol and fleeing with gold, silver, cash and umbrella, villagers are deeply angry.
धमतरी/कुरुद/ मरौद : धमतरी जिले के पुलिस अनुविभाग कुरुद अंतर्गत आने वाले बिरेझर चौकी क्षेत्र के स्थित शीतला ग्राम मरौद में मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना सामने आई है. अज्ञात असामाजिक तत्वों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर माता शीतला की मूर्ति को खंडित कर दिया और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित सोने-चांदी के जेवर, नगदी और छत्र चोरी कर फरार हो गए.
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खंडित मूर्ति को मंदिर परिसर से बाहर ले जाकर फेंक दिया. जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तब वारदात की जानकारी हुई. देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी तादाद में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए.
सुराग जुटाने में लगी पुलिस
खबर मिलने के बाद बिरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी एडिशनल एसपी, एसडीओपी, टीआई आदि जिले को हाल ही में मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की साइबर सेल टीम तकनीकी साक्ष्यों और मंदिर व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके.
तरह-तरह की चर्चाएं
इस बड़ी वारदात के बाद से मरौद गांव के चप्पे-चप्पे पर सन्नाटा और आक्रोश का मिला-जुला माहौल है. मंदिर परिसर में जुटे ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं. कुछ लोग इसे किसी स्थानीय गिरोह की करतूत मान रहे हैं. तो कुछ का कहना है कि इसके पीछे किसी बड़े अंतर्राज्यीय शातिर गैंग का हाथ हो सकता है. जिसे मंदिर के चप्पे-चप्पे की रेकी पहले से थी. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
धार्मिक आस्था पर हमला
ग्रामीणों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए इसे धार्मिक आस्था पर हमला बताया है. अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और नई एफएसएल तकनीक जांच में कितनी कारगर साबित होती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



