जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में नाराजगी, 4 महिला सदस्यों ने किया बहिष्कार, प्रशासन पर अनदेखी और भेदभाव का लगाया आरोप

Dissatisfaction at the Zila Panchayat general body meeting: 4 female members stage a boycott, accusing the administration of neglect and discrimination.

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में नाराजगी, 4 महिला सदस्यों ने किया बहिष्कार, प्रशासन पर अनदेखी और भेदभाव का लगाया आरोप

कांकेर : कांकेर जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित सामान्य सभा की बैठक के दौरान उस समय नाराजगी देखने को मिली. जब चार जिला पंचायत सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. बहिष्कार करने वाले सदस्यों ने जिला प्रशासन और जिला पंचायत पर उनके क्षेत्रों की अनदेखी करने समेत विकास कार्यों में पर्याप्त प्राथमिकता नहीं देने का आरोप लगाया है.
समस्याओं और मांगों को नजर अंदाज करने का आरोप
बैठक से बाहर आए सदस्यों का कहना है कि लगातार उनकी मांगों और समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है. उनके क्षेत्रों में विकास योजनाओं के तहत जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं. जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है. सदस्यों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे.
जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत में विकास कार्यों और निधियों के आवंटन में सदस्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है. जिला पंचायत सदस्य मुदुला भास्कर ने कहा कि 15वें और 16वें वित्त आयोग की राशि और विकास निधि के रूप में सदस्यों को सिर्फ चार लाख रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं. जो क्षेत्र की जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं. सीमित राशि के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्य कराना मुश्किल हो रहा है.
मृदुला भास्कर ने जिला पंचायत में पार्टीवाद और पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी सदस्यों को समान महत्व और अवसर नहीं मिल रहा है. वहीं जिला पंचायत सदस्य झरना ध्रुव ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों को उचित मान-सम्मान नहीं दिया जा रहा है. अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी नहीं मिलने, पारदर्शिता की कमी और भेदभाव का आरोप लगाया.
जिला पंचायत सदस्य झरना ध्रुव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनके अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए.
चार सदस्यों के बहिष्कार से जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में नाराजगी का मुद्दा सामने आया है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और जिला पंचायत प्रबंधन सदस्यों की शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb