अंतिम संस्कार के दौरान सूने मकान में सहकर्मी की पत्नी ने की चोरी, नकदी और सोने के झुमके पार, CCTV से खुला राज, आरोपी महिला गिरफ्तार
A colleague's wife committed theft in an empty house while the residents were away at a funeral, making off with cash and gold earrings; the crime was uncovered via CCTV, and the accused woman has been arrested.
दुर्ग/भिलाईनगर : दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंची एक महिला पर ही घर में चोरी करने का आरोप सामने आया है. मृतक युवती के अंतिम संस्कार के दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर महिला ने करीब 45 हजार रुपये नकद और सोने के झुमके चोरी कर लिए. भिलाई नगर पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे लोको पायलट गजानन अवचट की बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी. इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर रिश्तेदारों और परिचितों के साथ सहकर्मी भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे.
इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार अक्षिता के अंतिम संस्कार के लिए रिसाली मुक्तिधाम चले गए. भिलाई नगर थाना क्षेत्र के तालपुरी बी-ब्लॉक स्थित आर्किड बिल्डिंग नंबर 11 के फ्लैट नंबर 441 में घर सूना होने का फायदा उठाकर किसी ने वहां चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया.
अगली सुबह गजानन अवचट ने अपनी जेब में रखे रुपये गायब पाए. इसके बाद घर की जांच करने पर बेटी के बेडरूम में रखी नकदी, पत्नी सुनीता अवचट के पास रखे पैसे और सोने के कान के झुमके भी नहीं मिले. बेटी की मौत के बाद अंतिम संस्कार और अन्य क्रियाकर्म में व्यस्त रहने की वजह से उन्होंने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई.
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर चोरी के शक में स्मृति नगर निवासी कीर्ति करांगले की पहचान हुई. जांच में पता चला कि कीर्ति का पति राकेश करांगले भी रेलवे में लोको पायलट है और गजानन अवचट का सहकर्मी होने के कारण दोनों परिवारों के बीच परिचय था.
20 अक्टूबर को कीर्ति अपने पति के साथ शोक संवेदना व्यक्त करने गजानन अवचट के घर पहुंची थी. आरोप है कि इसी दौरान जब परिवार के सदस्य बिल्डिंग के भूतल पर अंतिम यात्रा की तैयारी में व्यस्त थे. तब कीर्ति ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच में मिले सबूतों के आधार पर आरोपी कीर्ति करांगले को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया. जहां से न्यायालयीन आदेश पर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



